भोजन-पानी के लिए हुए परेशान, पहुंचे एडीजी जोन
गुड़िया बॉर्डर पर यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया पहुंचे। उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत की। कहा कि आप सभी धैर्य बनाए रखें। आपका तीर्थ स्नान सफल होगा। झारखंड, बंगाल और बिहार के श्रद्धालुओं ने कहा कि भोर से ही हम लोग जाम में फंसे हैं। खाने-पीने की दिक्कत है। आसपास कोई बाजार भी नहीं है। दुकानदार दोगुने दाम लेकर सामान बेच रहा है।
रेलवे स्टेशन पर वाहन खड़ा कर महाकुंभ स्नान के लिए गए
गुड़िया बॉर्डर पर वाहनों को रोके जाने से बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड के कई श्रद्धालु मौनी अमावस्या का स्नान करने के लिए परेशान हो गए। कछवा रोड रेलवे स्टेशन और मिर्जापुर जिले के भैंसा गांव के ग्रामीणों के घर के सामने वाहन खड़े कर ट्रेन से प्रयागराज रवाना हो गए। वहीं, कुछ श्रद्धालु जाम को देखते हुए मौनी अमावस्या पर मिर्जापुर जिले के बरेनी घाट पर स्नान करने के बाद परमहंस आश्रम जगतानंद में दर्शन-पूजन कर अपने घर रवाना हो गए।
यातायात व्यवस्था सामान्य रखने के लिए नहीं आने दिए वाहन
मौनी अमावस्या पर शहर की यातायात व्यवस्था को सामान्य रखने के लिए बाहरी वाहनों को प्रवेश नहीं करने दिया गया। प्रयागराज और मिर्जापुर की ओर से आने वाले वाहनों को मोहनसराय और जगतपुर इंटर काॅलेज में बने बस स्टैंड से आगे नहीं जाने दिया गया। मुड़ैला तिराहे से केवल यूपी-65 वाले वाहनों को ही शहर की ओर जाने दिया गया, लेकिन अंदरुनी हिस्से में उनका प्रवेश भी प्रतिबंधित था।
चंदौली और बिहार की ओर से आने वाले वाहरी वाहनों को डाफी अंडरपास और नुआंव चौराहे पर रोक दिया गया। कचहरी की तरफ से आए चारपहिया वाहनों को छावनी क्षेत्र में भेज दिया गया। यूपी-65 नंबर के अलावा जो भी बाहरी वाहन आए, उन्हें मिंट हाउस से मोड़ दिया गया।