हत्या के एक मुकदमे में गवाह को दरोगा और सिपाही ने गवाही नहीं देने के लिए धमकाया है। पीड़ित गवाह ने वाराणसी के कपसेठी थाने के दरोगा और सिपाही पर आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को एसपी ग्रामीण के यहां प्रार्थना पत्र दिया। एसपी ग्रामीण ने मामले की जांच सीओ बड़ागांव को सौंपी है।
कपसेठी थाना अंतर्गत भरहरिया के रहने वाले गुलाब शंकर तिवारी का आरोप है कि थाने के एक दरोगा और एक सिपाही सुबह घर आए और थाने ले चलने के बहाने गाड़ी में बैठा लिया। गुलाब का आरोप है कि कुछ दूर जाते ही दरोगा और सिपाही ने हत्या के एक मामले में सरकार बनाम भरत राजभर के मुकदमे में नितिन के खिलाफ गवाही नहीं देने का दबाव बनाया।
2014 में हुई थी हत्या
ऐसा नहीं करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। एसपी ग्रामीण अमित वर्मा ने मामले की जांच सीओ बड़ागांव जगदीश कालीरमण को सौंपते हुए जांच रिपोर्ट मांगी है। कपसेठी थाना अंतर्गत निमनी गांव निवासी उमेश श्रीवास्तव उर्फ बब्लू का शव 2014 गांव के पास खेत में मिला था, जिसमें गुलाब तिवारी आरोपियों के खिलाफ गवाह है।
हिस्ट्रीशीटर की कुर्क हुई कार
वाराणसी के फूलपुर थाने के हिस्ट्रीशीटर सिज्जन यादव की कार को पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क की। इंस्पेक्टर मुन्न्ना राम घोसिया ने बताया कि इसके पूर्व हिस्ट्रीशीटर की जमीन कुर्क की गई थी।
लूट का मुकदमा धोखाधड़ी में बदलने का पुलिस पर आरोप
सारनाथ के घुरहूपुर में वृद्धा से 20 हजार की लूट मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया। पीड़िता के पुत्र का आरोप है कि पुलिस ने बुधवार की देर शाम दबाव देकर धोखाधड़ी की तहरीर लिखवाई। बुधवार को घुरहूपुर की रहने वाली वृद्धा गिरजा देवी यूपी बड़ौदा बैंक से 20 हजार रुपये निकालकर घर जा रही थी।
इसी दौरान घर के पास तीन युवक 20 हजार रुपये छीनकर भाग निकले। यह घटना म्यूजियम पुलिस बूथ से मात्र 200 मीटर की दूरी पर हुई। पीड़िता के पुत्र राजेश ने सारनाथ थाने पर 20 हजार नकद छिनैती की तहरीर दी। राजेश का आरोप है कि शाम सात बजे पुलिस ने घर से बुलवाकर धोखाधड़ी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया।
जबकि सहायक पुलिस आयुक्त ज्ञान प्रकाश राय को भी पीड़िता गिरजा देवी ने पैसा छीनने का बयान बार-बार दी थी। घटना के बाद से पुलिस सीसी फुटेज खंगालती रही। इस संबंध में थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि कुछ युवक वृद्धा को गुमराह कर पैसा ले गए हैं। इसलिए धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज गया है।
दीवाल निर्माण को लेकर दो पक्षों में मारपीट
जंसा थाना क्षेत्र के सारनपुर गांव में बृहस्पतिवार को दीवार निर्माण को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों से दो लोग घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस के मुताबिक पीड़िता सरिता देवी जमीन में दीवाल का निर्माण करवा रही थी। आरोप है कि उसी समय दूसरे पक्ष के सुदामा, अंगद, शिवशंकर, अवध ने मारपीट की। सरिता की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।