पूछताछ में धीरज ने बताया कि वह पटना के रहने वाले एक युवक के कहने पर परीक्षा देने आया था। आधार और प्रवेश पत्र पर नाम धीरेंद्र साहनी का था। कैंट एसीपी मनीष शांडिल्य ने आरोपी सॉल्वर से पूछताछ की। वहीं, केंद्र अधीक्षक डॉ. नृप किशोर सिंह की तहरीर के आधार पर धीरज के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया। कैंट एसीपी मनीष शांडिल्य ने बताया कि यह जांच की जा रही है कि आरोपी किस सॉल्वर गिरोह से जुड़ा था, वहीं, धीरेंद्र साहनी के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
उधर, जंसा पुलिस ने रामेश्वर स्थित श्रीयुगल बिहारी इंटर कालेज के प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह को प्रधानाचार्य ने सूचना दी कि कक्षा संख्या 25 में सीटिंग प्लान के तहत बैठा एक अभ्यर्थी संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। अभ्यर्थी से कक्ष निरीक्षकों ने पूछताछ शुरू की। पहले तो वह कक्ष निरीक्षकों को बरगलाता रहा लेकिन बाद में कड़ाई से पूछताछ शुरू हुई तो वह टूट गया। अभ्यर्थी ने बताया कि वह बिहार सुपौल के छाता थाना अंतर्गत मुस्सलाहपुर निवासी चंदन महतो है, जो बलिया के नेमा टोला सिवान कला निवासी रणजीत कुमार यादव के स्थान पर परीक्षा देने पहुंचा था। प्रबंधक के अनुसार तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
जंसा पुलिस की पूछताछ में चंदन महतो ने बताया कि वह पटना के सॉल्वर गैंग के कहने पर रणजीत की जगह परीक्षा देने आया था। जंसा थाना प्रभारी चंद्रदीप ने बताया कि चंदन महतो से पूछताछ की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि कितने पैसे लेकर वह परीक्षा में बैठा था और सॉल्वर गिरोह के मास्टरमाइंड समेत अन्य की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। चंदन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
त्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा 2022 शनिवार को दो पालियों में जौनपुर के 37 केंद्रों पर परीक्षा कराई गई। पहली पाली की परीक्षा के दौरान दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे एक आरोपी को एसटीएफ प्रयागराज और जिले की टीम ने पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर बाहर खड़े एक अन्य साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
परीक्षार्थी बाबू कुंवर भारती निवासी ग्राम खुचमा, सकलडीहा, केशवपुर जनपद चंदौली के स्थान पर परीक्षा दे रहे सिद्धार्थ शंकर दुबे निवासी आरा (महाराजा हाता) थाना नवादा जनपद भोजपुर बिहार को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर सहयोगी अनिल कुमार उर्फ मल्होत्रा निवासी सिंघापुर पोस्ट आनापुर थाना नवाबगंज प्रयागराज को भी गिरफ्तार किया गया।
एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज उप निरीक्षक रणेंद्र कुमार सिंह ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की। आरोपियों के पास से फर्जी ढंग से फोटो लगाकर बनाया गया प्रवेश पत्र, फर्जी आधार कार्ड और चार हजार रुपये बरामद किए गए। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सिद्धार्थ शंकर दुबे व अनिल कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ये दोनों पैसे लेकर परीक्षा देते हैं। इस मामले में 30 हजार रुपये लेकर परीक्षा देने का मामला प्रकाश में आया है। अन्य की जांच की जा रही है।