शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने काशी के कोतवाल के नाम से विख्यात कालभैरव वार्ड से अपनी पसंद के प्रत्याशी कृष्ण कुमार गुजराती को भाजपा का टिकट दिलवाया था। इसके चलते भाजपा से बागी होकर निर्दल प्रत्याशी के तौर पर संजय कुमार गुजराती ने वार्ड नंबर-97 कालभैरव वार्ड से पार्षद का चुनाव लड़ा।
संजय कुमार गुजराती 2126 मत के साथ विजयी घोषित किए गए। वहीं, भाजपा प्रत्याशी कृष्ण दास गुजराती 1538 मत के साथ दूसरे स्थान पर रहे। इसे लेकर कालभैरव वार्ड के ही लोगों का कहना था कि यदि यह गलती न हुई होती तो यहां से भी भाजपा प्रत्याशी की ही जीत होती।
वाराणसी नगर निगम चुनाव में बागी उम्मीदवारों ने भी कई वार्डों में पार्टियों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी। जनता ने भी बागियों पर अपना भरोसा जताया और उनके सिर पर जीत का ताज पहनाया। भाजपा और कांग्रेस को कई वार्डों में बागियों का विरोध झेलना पड़ा। भाजपा के दो बागियों ने तो कांग्रेस के एक बागी उम्मीदवार ने अपनी जीत दर्ज की है। नगर निगम की स्थिति को देखें तो सपा, कांग्रेस और बसपा से अधिक निर्दल उम्मीदवारों की संख्या है।
सदन में 15 निर्दलीय उम्मीदवार इस बार पहुंचे हैं। कालभैरव वार्ड से भाजपा के बागी संजय गुजराती विश्वंभरी और नगवां से माधुरी सिंह ने निर्दल प्रत्याशी के तौर पर चुनाव में जीत दर्ज की है। माधुरी सिंह के पति रविंद्र सिंह भाजपा के पार्षद थे। वहीं कांग्रेस के बागी पार्षद तुफैल अंसारी की पत्नी ताज्बर बीबी ने भी बतौर निर्दल प्रत्याशी जीत दर्ज की है। बागी प्रत्याशियों ने अपना टिकट कटने से नाराज होकर निर्दल प्रत्याशी के तौर पर नगर निगम चुनाव में अपनी दावेदारी पेश की। जनता ने भी प्रत्याशियों पर अपना भरोसा जताया और उन्हें विजयश्री का आशीर्वाद भी दिया।