यूपी में कानून व्यवस्था के सवाल पर उत्तर प्रदेश की एनआरआई राज्यमंत्री स्वाति सिंह ने बड़ा बयान दिया है। वो शुक्रवार को वाराणसी पहुंचीं। यहां उन्होंने कमिश्नरी सभागार में अगले वर्ष होने वाले प्रवासी भारतीय सम्मेलन के लिए बैठक की। बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए पूर्व की सरकारों पर निशाना साधा।
सूबे में कानून व्यवस्था के हाल पर उन्होंने कहा कि यूपी में 100 फीसदी तो नहीं लेकिन अपराध कम हुए हैं। हमारी सरकार में पूर्व की सरकारों से कम अपराध हुआ है। उन्होंने विपक्षी पार्टियों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है इसलिए वो भाजपा को बदनाम कर रहे हैं।
ऐसे लोगों को पहले अपनी पार्टी के कार्यकाल को देखना चाहिए। वहीं आरक्षण पर ओमप्रकश राजभर के दिए बयान पर कहा कि भाजपा संविधान नहीं बदल सकती यह उनका अपना निजी बयान है भाजपा का नहीं।
स्वाति सिंह ने कैराना और नूरपुर उपचुनाव के दौरान भाजपा के जीत का दावा किया। जिन्ना प्रकरण पर कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है इसलिए कोई भी मुद्दा लेकर सामने आ जा रहे हैं।
वाराणसी में प्रवासी भारतीय सम्मेलन कहां होगा,यह पूछने पर कहा कि जगह की तलाश हो रही है। कोई ऐसी जगह जहां एक साथ सात हजार लोग बैठ सकें वहीं यह सम्मेलन होगा।
सात हजार प्रवासी भारतीय सम्मेलन में होंगे शामिल
बैठक में मंत्री स्वाति सिंह
- फोटो : अमर उजाला
बनारस में 21 जनवरी से 23 जनवरी तक प्रस्तावित प्रवासी भारतीय सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा एनआरआई राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार स्वाति सिंह ने की। इसके बाद प्रशासन की ओर से प्रस्तावित तीन स्थानों का निरीक्षण किया।
राज्यमंत्री ने डोमरी गांव में गंगा किनारे सम्मेलन पर रुचि दिखाई। हालांकि इस संबंध में 16 मई को होने वाली बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। सम्मेलन में सात हजार प्रवासी भारतीय भाग लेने की उम्मीद है।
तैयारी बैठक में नगर निगम, लोकनिर्माण, बिजली, विकास प्राधिकरण, पुलिस सहित अन्य विभागों को होने वाले कामों का आकलन कर बजट तैयार करने का निर्देश दिया गया। इसमें बताया गया कि सम्मेलन में सात हजार प्रवासी भारतीय भाग लेने की उम्मीद है।
ऐसे में उनके रहने, लाने, ले जाने सहित अन्य जरूरतों पर चर्चा की गई। प्रशासन की ओर से इस पूरे आयोजन के लिए 60 करोड़ का बजट प्रस्तावित किया गया है। इसमें राज्य सरकार और विदेश मंत्रालय की ओर से बजट पर अंतिम निर्णय लिया जाना है।
बैठक के बाद एनआरआई मंत्री ने प्रस्तावित आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया। वह ट्रेड फैसिलिटी सेंटर बड़ा लालपुर, गंगा पार डोमरी गांव और डीरेका परिसर गईं। राज्यमंत्री ने भी डोमरी पर अपनी सैद्धांतिक सहमति दी है। हालांकि इस संबन्ध में 16 मई को बैठक के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल, उपाध्यक्ष वाराणसी विकास प्राधिकरण, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, अपर जिलाधिकारी नगर, अपर नगर आयुक्त, उप निदेशक पर्यटन, लोक निर्माण तथा परिवहन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।