गोदौलिया चौराहा पर मची अफरातफरी, पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति की नियंत्रित
- फोटो : अमर उजाला
सावन के सोमवार को वाराणसी में मैदागिन से गोदौलिया तक का क्षेत्र नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। बावजूद इसके रसूखदार लोग धौंस दिखाने से बाज नहीं आ रहे हैं। सोमवार की दोपहर ऐसा ही नजारा गोदौलिया चौराहा पर देखने को मिला जब हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच ट्रैफिक व्यवस्था को धता बताते हुए प्रदेश की बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री अनुपमा जायसवाल वाहनों के काफिले के साथ पहुंची।
अचानक धड़धड़ाते हुए आए वाहनों से एकबारगी अफरातफरी की स्थिति पैदा हो गई। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह से वाहनों को किनारे कराया तब जाकर स्थिति सामान्य हुई। काशी विश्वनाथ मंदिर में वीवीआईपी के दर्शन-पूजन का समय सावन के सोमवार को शाम चार से छह बजे तक निर्धारित किया गया है।
बावजूद इसके प्रदेश की मंत्री अनुपमा जायसवाल काफिले के साथ गिरजाघर चौराहे से गोदौलिया चौराहे पर दोपहर पौने दो बजे के लगभग पहुंच गईं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बताया कि मंत्री के काफिले को रामापुरा पर रोका गया था लेकिन वाहन चला रहे लोगों ने एक ना सुनी, जिससे स्थिति असहज हुई।
हालांकि इस संबंध में जिम्मेदार अधिकारी कुछ भी कहने से साफ कतरा गए। वहीं, वाहनों के काफिले के साथ गोदौलिया चौराहा पहुंची मंत्री को लेकर श्रद्धालुओं के बीच तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
हाईवे से शहर तक राहगीरों की राह रही मुश्किल
एनएच-दो की कांवरियों के लिए आरक्षित लेन पर क्यों चल रहे मालवाहक
- फोटो : अमर उजाला
सावन के सोमवार के मद्देनजर हाईवे से लेकर शहर तक की गई रूट डायवर्जन की व्यवस्था का कुछ खास लाभ शहरवासियों को नहीं मिल पा रहा है उन्हें जाम से जूझना ही पड़ रहा है। एनएच-दो की एक लेन कांवरियों के लिए आरक्षित किए जाने के कारण रविवार रात से सोमवार आधी रात बाद तक मोहनसराय से मिर्जामुराद के बीच वाहन रेंगते रहें।
वहीं, शहर में कैंट रेलवे स्टेशन के सामने, इंग्लिशिया लाइन, अंधरापुल चौराहा, महमूरगंज-रथयात्रा मार्ग, सिगरा, फातमान मार्ग, मलदहिया-लहुराबीर मार्ग, पांडेयपुर चौराहा, अर्दली बाजार, लंका का मालवीय चौराहा, दुर्गाकुंड, अस्सी, सोनारपुरा, रामापुरा सहित शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर राहगीर जाम से जूझे।
उधर, एसपी ट्रैफिक सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि इलाहाबाद और चंदौली में तीन-तीन हजार से ज्यादा ट्रक रोके गए हैं। इसकी वजह से सोमवार की रात और मंगलवार को एनएच-दो पर वाहनों का अत्यधिक दबाव रहेगा। यदि बेहद जरूरी न हो तो आमजन इस मार्ग का उपयोग न करें।