यूपी बोर्ड में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के छात्रों को प्रमोट करने का फैसला तो ले लिया गया है, लेकिन अब तक स्पष्ट गाइडलाइन नहीं आई है। जिससे कि विद्यालयों में आगे की प्रक्रिया शुरू कराई जा सके। इंटर के परिणाम को लेकर ज्यादा संवेदनशीलता बरती जा रही है। दरअसल, इसी परिणाम के आधार पर छात्रों को स्नातक प्रथम वर्ष या फिर अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में दाखिले का प्रयास करना है।
नियमानुसार माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से मार्कशीट तैयार कराने में भी कम से कम दस से 15 दिन का समय लगता है। ऐसे में माना जा रहा है कि अगर इस महीने 15 तारीख तक भी गाइडलाइन आती है तो भी मार्कशीट तैयार होने में यह महीना बीत जाएगा। वहीं, प्रवेश में भी देरी की संभावना जताई जा रही है। उधर, बृहस्पतिवार दोपहर तक परिणाम को लेकर अभिभावकों ने अपना फीडबैक दिया है।
जिले में कक्षा 6 से 11 तक के छात्रों को अगली कक्षा में प्रमोट करने की प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है। 29 मई को ही फैसला होने के बाद शासन ने जो आदेश जारी किया था, उसकी कॉपी जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी प्रधानाचार्यों को भेज दी है।