बाद में गोरखपुर की कोर्ट ने सजा दी। इसी तरह रामपुर के सीआरपीएफ के कैंप में आतंकियों के हमले से सात जवान शहीद हुए थे। इसमें सात लोग पकड़े गए थे। 26 अप्रैल 2012 को अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के रूप में कहा कि था कि सामाजिक सौहार्द के लिए वह यह केस वापस लेते हैं।
ऐसा कार्य करने वाला मुख्यमंत्री हो सकता है क्या? उन्होंने कहा कि आतंकवादियों को गले लगाने वाला मुख्यमंत्री कैसे हो सकता है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह पहले अहमदाबाद बम ब्लास्ट कांड में देश में पहली बार 38 लोगों को मौत की सजा सुनाई गई, जिसमें एक मो. सैफ नाम का व्यक्ति भी है, जो आजमगढ़ का रहने वाला है। उसका पिता अखिलेश के साथ फोटो खिंचवाता है।
मैं पूछना चाहता हूं कि अखिलेश को आतंकवादियों से इतना प्रेम क्यों है। मिर्जापुर में कहा कि पांच वर्ष पहले गुंडे और माफिया दनदनाते थे, लेकिनआज वे जेलों में गिल्ली-डंडा खेल रहे हैं। कानून वही है, लेकिन आज गुंडे और माफिया दया की भीख मांग रहे हैं। नड्डा पहाड़ी विकास खंड में स्वामी गोविंदाश्रम इंटर कालेज मैदान में पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में हुई चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा वर्ष 2012 में सड़कों पर काली गाड़ियां दौड़ती थीं। वाहन देखकर ही उनकी पहचान हो जाया करती थी। वर्ष 2014 में लाल किले से जब प्रधानमंत्री स्वच्छता अभियान की बात कर रहे थे तो राहुल और अखिलेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मजाक उड़ा रहे थे। लेकिन, देश में 11 करोड़ शौचालयों का निर्माण कराकर पीएम ने महिलाओं के सम्मान का ख्याल रखा है।
नड्डा ने कहा कि पहले सड़क में गड्ढे या गड्ढे में सड़क है, पता नहीं चलता था, लेकिन आज हाईवे पर युवा 80 से 100 किलोमीटर की रफ्तार से फर्राटे भर रहे हैं। कहा, रिपोर्ट कार्ड रखने की ताकत सिर्फ भाजपा के पास है। उन्होंने कहा कि भाजपा गांव, गरीब, वंचित, पीड़ित, महिलाओं, युवाओं को मुख्य धारा से जोड़ रही है।
प्रधानमंत्री ने बिना पैसे और गारंटी के खाता खुलवाकर महिलाओं के खाते में पांच सौ रुपये भेजे। कहा कि हम भाषण नहीं, राशन देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो दोगुनी रफ्तार से विकास होगा। चंदौली की चकिया विधानसभा में जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हमने जो पक्के मकान बनवाएं हैं, उसमें मालिक नहीं मालकिन होती हैं।
यह महिला सशक्तीकरण की एक बानगी है। महिला सशक्तीकरण के लिए हमारी प्रतिबद्धता को ताकत प्रदान करने के लिए भाजपा को वोट दें। कहा कि राम भक्तों पर गोली चलवाने वाले और राम मंदिर के फैसले को लटका कर रखने वाले आज खुद इधर-उधर भटक रहे हैं। हमने जो कहा था, वह करके दिखाया, अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बनवाने का जो प्रण था, उसे हमारी सरकार ने पूरा किया है।