यूपी के बलिया में असलहा तस्करों की तलाश में दादर गांव पहुंची स्वाट और सिकंदरपुर पुलिस की टीम पर अराजक तत्वों ने बुधवार रात हमला कर दिया। उनके वाहन में आग लगाने की भी कोशिश की गई। पथराव में दो पुलिस कर्मी जख्मी हुए हैं।
बाद में फोर्स ने अराजक तत्वों को खदेड़ कर तीन असलहा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया उनके पास से पिस्टल और दो कारतूस बरामद हुए। आधा दर्जन अन्य लोगों के खिलाफ भी बलवा आदि का मुकदमा दर्ज किया है। उधर, ग्रामीणों ने बताया कि रात में पुलिस आई थी और तीन लोगों को ले गई। हमले जैसी कोई घटना नहीं हुई है।
मुखबिर की सूचना के आधार पर स्वाट टीम और सिकंदरपुर पुलिस ने बुधवार की रात दादर गांव में छापेमारी की, तभी अराजकतत्वों ने टीम को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया जिनमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
स्वाट टीम की सूचना पर खेजुरी के साथ सिकंदरपुर थाने से अतिरिक्त फोर्स मौके पर पहुंच गई और घेराबंदी कर तीन अभियुक्तों को दबोच लिया और अराजकतत्वों को खदेड़ दिया।