वाराणसी में केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान शनिवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे सर्किट हाउस में केंद्रीय बजट पर प्रेसवार्ता करने पहुंचे। इसी दौरान यहां कुछ किसान पहुंच गए। उन्होंने काशीद्वार आवासीय योजना के तहत अधिग्रहीत की जा रही जमीन के विरोध में केंद्रीय राज्यमंत्री से सवाल करना शुरू कर दिया। मंच के पास आकर सब इकट्ठा हो गए। इस दौरान किसानों की मंत्री से बहस भी हुई। हंगामा होते देख राज्यमंत्री सभागार से बाहर निकल गए।
पुलिस ने मामले में कांग्रेस प्रवक्ता वैभव त्रिपाठी समेत दो को गिरफ्तार कर लिया। वहीं छह किसानों का शांतिभंग में चालान कर दिया गया। पिंडरा में काशीद्वार योजना के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। इसी का विरोध किसान कर रहे थे। वे सर्किट हाउस में नारेबाजी कर रहे थे। मंत्री ने शांत रहने को कहा, लेकिन वे बात करने को लेकर अड़े रहे। किसानों ने बताया कि 10 गांवों की 800 एकड़ जमीन अधिग्रहीत होनी है। किसानों ने कहा कि करोड़ों की जमीन है और उन्हें मुआवजा सिर्फ लाखों में दिया जा रहा है। रजिस्ट्री तक पर रोक लगा दी गई है।
कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि कुछ किसान अपनी समस्याएं लेकर पुलिस कार्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस प्रवक्ता वैभव त्रिपाठी अपने एक साथी के साथ किसानों को बरगलाकर सर्किट हाउस में चल रही केंद्रीय राज्यमंत्री की प्रेसवार्ता में ले आए। यहां किसानों से हंगामा कराया गया, उन्हें रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वे नहीं माने। पुलिस ने वैभव त्रिपाठी समेत दो को गिरफ्तार किया और छह को हिरासत में लिया।
केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान ने किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन
केंद्रीय मंत्री एवं सांसद कमलेश पासवान ने काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। उन्होंने भगवान शिव की आराधना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के उपरांत उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर परिसर में स्थित अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का भी दर्शन किया तथा कॉरिडोर का भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने धाम की दिव्यता और भव्यता की सराहना की।