मिर्जापुर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के राजगढ़ बाजार में गुरुवार की सुबह साढ़े पांच बजे अनियंत्रित होकर गेहूं लदा ट्रक बीच सड़क पर पलट गया। जिससे मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर पांच घंटे तक जाम लगा रहा। जाम के दौरान सड़क के दोनों तरफ लगभग पांच किलोमीटर तक वाहनों का लंबी लाइन लग गई। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस सड़क पर पलटे ट्रक को हटवाया तब जाम खुला।
मिर्जापुर-सोनभद्र मार्ग पर पटरी नहीं बनाई गई है। जिससे सड़क के दोनों तरफ काफी गड्ढा हो गया है। जो आए दिन दुर्घटना को आमंत्रण दे रहा है। कानपुर जिले से गेहूं लादकर उड़ीसा जा रही ट्रक राजगढ़ बाजार के पास सामने से आ रहे वाहन को पास देते समय सड़क के नीचे पटरी पर उतर गई।
पुनः सड़क पर चढ़ाते समय सड़क की पटरी काफी नीचे होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया जिससे ट्रक में लदी गेहूं की बोरिया सड़क पर बिखर गई। वही चालक फैज निवासी प्रयागराज बाल-बाल बच गया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजकुमार सिंह व राजगढ़ चौकी प्रभारी रमाशंकर यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। तीन घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी लगाकर सड़क पर पलटे ट्रक को हटवाया गया। तब जाकर मिर्जापुर-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर वाहनों का आवागमन शुरू हुआ।