जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर शुक्रवार की सुबह कोदहूं गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से साइकिल से स्कूल जा रहे भाई-बहन की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ट्रक में भी तोड़फोड़ की कोशिश की। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली। काफी मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जौनपुर जिले के मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के नारायणडीह निवासी अनिल की पुत्री नेहा(16) मुंगराबादशाहपुर के बालिका हिंदू इंटर कॉलेज से इसी वर्ष हाईस्कूल की परीक्षा में शामिल हुई थी। नेहा का सगा भाई रोहित(10) कमालपुर स्थित सेंट मैरी स्कूल मे कक्षा छठवीं का छात्र है।
सुबह छोटे भाई को स्कूल छोड़ने के लिए नेहा साइकिल से घर से निकली। कोदहूं गांव के पास पहुंचे तो प्रयागराज की तरफ आ रहा गिट्टी लदे ट्रक ने दोनों को रौंद दिया। भाई-बहन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ड्राइवर ट्रक को छोड़कर भागने लगा तो लोगों ने उसे पकड़कर जमकर पीटा।