डिप्टी सीएम ने छह जन औषधि केंद्रों का किया उद्घाटन
- फोटो : अमर उजाला
जिले के सरकारी अस्पतालों की तरह अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी जन औषधि केंद्र खुल गए हैं। इसके बाद मरीजों को बाहर दवाई लेने नही जाना पड़ेगा। स्वास्थ्य केंद्र परिसर में ही वह सस्ते दाम पर औषधि केंद्र से दवाइयां ले सकेंगे। वाराणसी पहुंचे उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने दीनदयाल अस्पताल परिसर से ही जन औषधि केंद्रों का उदघाटन करेंगे।
इससे पहले उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सोमवार दोपहर बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। पंडित दीनदयाल जिला चिकित्सालय में जन औषधि केंद्रों का उद्घाटन कर बड़ा लालपुर रवाना हुए। यहां दीनदयाल हस्तकला संकुल में आयोजित आयुर्योग एक्सपो में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
अस्पतालों में आने वाले मरीजों को किफायती दाम पर जरूरी दवाइयां मिल सकें, इसके लिए जन औषधि केंद्र का संचालन किया जा रहा है। ओपीडी और वार्ड में भर्ती मरीजों को जो दवाइयां अस्पताल में नहीं मिल पाती हैं, वे जन औषधि केंद्रों से लेनी पड़ती हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब चरणबद्ध तरीके से स्वास्थ्य केंद्रों पर भी केंद्रों के संचालन का निर्णय लिया गया है। पहले चरण में ग्रामीण इलाकों में छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर जन औषधि केंद्रों का उद्घाटन हुआ। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि सात और स्वास्थ्य केंद्रों पर जन औषधि केंद्र खोले जाने हैं।