सोनभद्र जिले के घोरावल उपजिलाधिकारी प्रकाश चंद्र ने उभ्भा-सपही गांव के 281 पट़्टेधारकों को नोटिस भेज कर पट्टे पर दी गई जमीन पर काबिज होने की बात कही है। नोटिस मिलने के बाद दस पट्टेधारकों ने अपने सामने राजस्व टीम से जमीन की नापी-जोखी कराकर कब्जा कर लिया है। शेष अभी काबिज नहीं हुए है।
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के उभ्भा गांव में 17 जुलाई को एक समिति की जमीन को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद हुआ था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन ने विवाद में मारे गए लोगों के आश्रितों, घायलों और भूमिहिनों को पट्टे पर जमीन देने का निर्देश था। प्रशासन की ओर से उभ्भा और सपही के 281 ग्रामीणों को लगभग 852 बीघे जमीन पट्टे पर आवंटित की गई है।
राजस्व विभाग की टीम कई बार पट्टेधारकों को जमीन देने के लिए मौके पर गई। लेकिन कोई पट्टेधारक भूमि की नापी के समय मौजूद नहीं हो रहा था। इसकी रिपोर्ट जांच टीम ने एसडीएम को सौंपी। एसडीएम प्रकाश चंद्र ने बताया कि 281 पट्टेधारकों को नोटिस जारी कर उन्हें राजस्व टीम से अपनी-अपनी भूमि की नापी करवा कर काबिज होने के लिए कहा गया है।
उन्होंने बताया कि नोटिस जारी होने के बाद दस से अधिक पट्टेधारकों ने जमीन की पानी करवा कर उस पर काबिज हो गए हैं। राजस्व टीमों को गांव में भेजा जा रहा है। पट्टेधारकों से अपील है कि वे लोग जमीन की नापी करवा कर उस पर काबिज हो जाएं।