Varanasi News: वाराणसी के चोलापुर और चौबेपुर थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। कोइराजपुर में हुए हादसे में पुलिस ने क्षतिग्रस्त केबिन को कटवाकर खलासी को बाहर निकाला।
वाराणसी के चौबेपुर और चोलापुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसों में घायल दो लोगों की उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना पाकर इलाके केे थानों की पुलिस ने दोनों का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। चौबेपुर संवाद प्रतिनिधि के अनुसार, पचरांव गांव निवासी राधेश्याम यादव (50) अपनी मोपेड से जाल्हूपुर स्थित कच्चा बाबा मंदिर में दर्शन-पूजन करने जा रहे थे। गांव के पास ही उन्हें एक डीसीएम ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल राधेश्याम को परिजन मंडलीय अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन
चौबेपुर थाने की पुलिस ने डीसीएम के साथ आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। चोलापुर संवाद प्रतिनिधि ने बताया कि राजापुर गांव निवासी पप्पू राम (50) को तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से गत गुरुवार को गंभीर चोट लगी थी। बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान शनिवार को पप्पू राम की मौत हो गई।
मशक्कत के बाद खलासी को बाहर निकाला
हरहुआ रिंग रोड फेज दो पर कोईराजपुर में शुक्रवार को एक ट्रेलर ने डीसीएम में टक्कर मार दी। पीछे से टक्कर लगने के बाद ट्रेलर का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक तो बच गया, लेकिन खलासी आधे घंटे तक केबिन में फंसकर तड़पता रहा। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खलासी को बाहर निकाला। ट्रेलर चालक की पहचान बिहार के डेहरी निवासी चंद्रशेखर साहू और खलासी की लक्ष्मीकांत साहू के रूप में हुई है।