भेलूपुर थाना क्षेत्र के किरहिया देसी शराब की दुकान के सामने की गली में किराये के मकान में रहने वाले राहुल सरकार (34) ने गुरुवार देर रात फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच में जुटी है।
घटना की जानकारी लोगों को तब मिली जब शुक्रवार दोपहर मकान मालिक लक्ष्मी का बेटा दयाराम दूसरे तल पर स्थित राहुल के कमरे में पहुंचा। दरवाजा बंद देख उसने आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला। उसने खिड़की से झांक कर देखा तो राहुल फंदे से लटकता दिखाई पड़ा।
उसने मामले की सूचना तत्काल बजरडीहा चौकी पर दी। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची। मृतक की पत्नी हाल ही में अपने पांच साल और दो साल की बेटी को लेकर बजरडीहा इलाके में स्थित मायके गई थी। पति की मौत की सूचना मिलते पत्नी पूनम सरकार दोनों बेटियों को लेकर पहुंची। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आर्थिक स्थिति बेहद खराब होने के कारण राहुल ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया।