चंदौली जिले की मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने शनिवार की भोर में डॉडी स्थित जीटी रोड पर अंतरजनपदीय चोर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही पिछले दिनों वाराणसी के कैंटोमेंट एरिया में जूते की दुकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा किया है।
पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक चोरी करने के लिए क्षेत्र में घूम रहे हैं। भोर में तीन बजे डांडी में एक स्कूल के समीप जीटी रोड पर नाकेबंदी की गई। तभी एक स्कूटर पर सवार दो युवक आते दिखे। रोक कर तलाशी लेने छेनी, हथौड़ी रम्मा, पेचकश, बड़े पैमाने पर नकदी और जेवरात मिले। दोनों को पकड़ कर कोतवाली लाकर पूछताछ की गई तो दोनों ने अपना नाम क्रमश: दिनेश कुमार उर्फ कल्लू और विजय कुमार उर्फ खाजा निवासी घोसियाना बस्ती फुलवरिया, थाना कैंट वाराणसी बताया।
पीडीडीयू नगर। चोरी के आरोप में गिरफ्तार विजय और दिनेश पर मुगलसराय कोतवाली और वाराणसी कैंट थाने में पांच मुकदमें दर्ज हैं। दोनों पर वाराणसी में एक और मुगसराय में चार मुकदमें दर्ज हैं। चोरी के साथ दोनों पर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। दोनों के खिलाफ अन्य आपराधिक मुदकमो की जांच की जा रही है।
पीडीडीयू नगर। जूते की दुकान में चोरी करने वाले विजय के रुपये पर दूसरे चोर की नजर पड़ गई और छिपा कर रखे गए चोरी के रुपये भी चोरी हो गए। पुलिस को दिए गए बयान में विजय ने बताया कि चोरी से मिले रुपये से उसने सेकेंड हैंड स्कूटर और मोबाइल खरीदा और कुछ रुपये घर के बाहर छज्जे पर रख दिया था। उसे किसी ने चुरा लिया।