थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी कर साथ रहने की जिद पर अड़ीं दो लड़कियां घर से निकल गईं। परिवार के लोगों ने जब रोकने का प्रयास किया तो मामला थाने पहुंच गया। थाने में सुबह से शाम तक चली पंचायत के बाद वे घर लौट गईं। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
युवक की वेशभूषा में रहने वाली एक लड़की के परिवार के लोग लंबे समय से वाराणसी में रहते हैं। उस लड़की का गांव की पड़ोसी लड़की से संपर्क हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों का प्रेम इस कदर परवान चढ़ा कि सोमवार को वाराणसी से गांव पहुंची लड़की ने उससे शादी करने बात की तो वह घर छोड़ने के लिए तैयार हो गई। परिवार के लोगों ने जब रोकने की कोशिश की तो मामला बढ़ गया। इसके बाद मामला थाने पहुंचा। दोनों के परिवार के लोग भी थाने पहुंचे। मंगलवार को दिन भर चली पंचायत के बाद दोनों घर लौट गईं।