कपसेठी और शिवपुर क्षेत्र में शुक्रवार को हुई दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है। कपसेठी में हादसे के बाद लोगों ने मुआवजे के लिए कपसेठी चौराहे पर जाम लगा दिया। विधायक अजय राय और एसडीएम के आश्वासन पर करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। विधायक ने दस हजार रुपये की मदद दी और एसडीएम राजातालाब त्रिभुवन राम ने ग्राम समाज की जमीन पट्टा कराने का आश्वासन दिया। मरने वालों में से किसी ने हेलमेट नहीं लगाया था।
बड़ागांव थाना क्षेत्र के भीटी निवासी मोहन पटेल का बेटा चंद्रेश पटेल (14) अपने गांव के ही कैलाश पटेल के बेटे दीपक पटेल (16) के साथ शुक्रवार की सुबह सब्जी बेचने कपसेठी गया था। सुबह करीब आठ बजे दोनों वापस लौट रहे थे। बाइक दीपक चला रहा था। कपसेठी-बाबतपुर मार्ग स्थित कृष्णा ढाबा के सामने से आ रहे ऑटो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार चंद्रेश पटेल की मौके पर मौत हो गई जबकि दीपक घायल हो गया। सूचना के बाद पहुंचे घरवालों ने कपसेठी चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। कुछ ही देर में पिंडरा विधायक अजय राय, सीओ बड़ागांव अखिलेश सिंह पहुंचे। करीब आधे घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। चंद्रेश तीन भाइयों में बड़ा था।
दूसरी घटना शिवपुर के सिकंदरपुर की है। बड़ागांव के पुआरी कला निवासी रामबलि पटेल (50) अपने दामाद शिवपुर के कठवतिया निवासी विजय (30) के साथ बाइक से कठवतिया जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े दस बजे सिकंदरपुर गांव के पास पहुंचने पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। रामबलि ट्रैक्टर के नीचे आ गए जिससे मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विजय घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गया। रामबलि के परिवार में पत्नी सुगना और तीन बेटे हैं।