नगर कोतवाली क्षेत्र मनुआपुर गांव में बुधवार की देर शाम पिकअप के धक्के से चचेरी बहनों की मौत हो गई। दुघर्टना के बाद ग्रामीणों ने वाहन सहित चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव के साथ ही चालक और वाहन को कब्जे में ले लिया।
मनुआपुर निवासी कन्हैया बिंद की पुत्री फूलमती (15) और मनई बिंद की पुत्री ज्योति (14) कक्षा आठ की छात्रा थी। प्रतिदिन की तरह दोनों को स्कूल गई थी। छुट्टी होने पर दोनों पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान शाम करीब तीन बजे घर से कुछ दूरी पर ही तेज रफ्तार पिकअप ने दोनों को टक्कर मार दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद वहां मौजूद ग्रामीणों ने चालक को वाहन सहित पकड़ लिया। परिवार के लोग ग्रामीणों के साथ आनन-फानन में घायल चचेरी बहनों को जिला अस्पताल लाए, जहां चिकित्सक ने फूलमती को मृत घोषित कर दिया। जबकि ज्योति की नाजुक हालत को देखते हुए वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वहां पर उपचार के दौरान ज्योति ने भी दम तोड़ दिया। सूचना पहुंची पुलिस ने शवों के साथ ही चालक और वाहन को कब्जे में ले लिया। चचेरी बहनों की मौत से परिजनों के रोने बिलखने से मातम पसर गया। गांववासियों में शोक की लहर दौड़ गई। इस संबंध में सदर कोतवाल विमलेश मौर्या ने बताया कि शवों के साथ ही चालक और वाहन को कब्जे में ले लिया गया। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।