परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम, 45 मिनट देर से पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
सोनभद्र के ओबरा से बहन की शादी में वाराणसी आए शुभम जायसवाल (22) और सुमित जायसवाल (20) मंगलवार की दोपहर गोला घाट के सामने गंगा में नहाने के दौरान डूब गए। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों का शव बाहर निकाला।
शुभम और सुमित की मौत से परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। गम में डूबे परिवारीजनों ने सूचना के करीब 45 मिनट बाद पुलिस के मौके पर पहुंचने को लेकर खासी नाराजगी जताई। किसी तरह उन्हें समझाकर दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए गए।
सोनभद्र के ओबरा निवासी राकेश कुमार की बेटी पूजा की शादी कबीरचौरा निवासी मोनू जायसवाल से मंगलवार को मुकीमगंज के समीप गोला घाट स्थित शंकर सरदार बाड़ा में आयोजित थी।
शादी में पूजा के मौसेरे भाई शुभम और ममेरे भाई सुमित भी आए थे। शुभम और सुमित भी ओबरा के ही रहने वाले थे। शुभम के पिता घनश्याम की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। सुमित के पिता दयाशंकर सब्जी का कारोबार करते हैं।
सुमित और शुभम मंगलवार को ही घरवालों के साथ यहां विवाह समारोह स्थल पहुंचे थे। गोला घाट पर परिवार और रिश्तेदारी की महिलाओं ने मातृका पूजा की और फिर सभी वापस शंकर सरदार का बाड़ा चले गए।
मगर, शुभम और सुमित घाट पर ही रुक गए और गंगा में नहाने लगे। इसी दौरान शुभम गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने की कोशिश में सुमित भी डूब गया।