वाराणसी जिले में किरहिया स्थित मारुका माई चौराहे पर शनिवार की रात करन गुप्ता (16) को गोली मार कर घायल करने के मामले में उसके पिता आशीष गुप्ता की तहरीर पर भेलूपुर थाने में दो आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी साजन सोनकर और आकाश सोनकर किरहिया क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। दोनों की गिरफ्तारी में दबिश दे रही पुलिस को आकाश के मोबाइल की आखिरी लोकेशन और साजन की बनारस स्टेशन पर मिली है। उसके बाद दोनों का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। पुलिस दोनों के परिजनों और दोस्तों से उनके संबंध में पूछताछ कर रही है।
यह है मामला
जनरल स्टोर और चिकन फ्राई की दुकान के संचालक आशीष कुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे तरुण और करन शनिवार की रात 11 बजे घर के बाहर खड़े थे। पड़ोस में ही रहने वाले साजन सोनकर और आकाश सोनकर मनबढ़ किस्म के हैं।
दोनों इलाके में अपना दबदबा दिखाने की फिराक में रहते हैं। दोनों उनके घर के सामने आए और अकारण ही तरुण से गालीगलौज करते हुए बोले कि तुम्हें गोली मार देंगे। उसी दौरान साजन ने पिस्टल निकाल कर फायरिंग की तो तरुण बाल-बाल बच गया। करन ने साजन की पिस्टल पकड़ ली तो उसने दो राउंड और फायरिंग की।
पिस्टल से निकली एक गोली करन की दाईं कलाई में लगी। उसे मंडलीय अस्पताल और वहां से फिर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। इस संबंध में भेलूपुर थानाध्यक्ष विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। चारों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।