बीएचयू ने रायबरेली के तेजगांव निवासी पूर्व विधायक एवं प्रमुख दानदाता सुरेंद्र बहादुर सिंह को पौने दो करोड़ रुपये लौटा दिए हैं। पत्र भेजकर उन्हें इसकी सूचना भी दे दी गई है। सुरेंद्र बहादुर सिंह ने यह राशि बीएचयू प्रशासन को छात्रावास बनाने के लिए दान में दी थी। धनराशि का इस्तेमाल न होने पर उन्होंने इसे वापस मांगा था। दरअसल, पूर्व विधायक बीएचयू परिसर स्थित सर सुंदरलाल अस्पताल के नए इमरजेंसी भवन के उद्घाटन में न बुलाए जाने से नाराज हो गए थे। इमरजेंसी भवन के निर्माण के लिए भी उन्होंने 1.90 करोड़ रुपये बतौर दान दिए थे।
सुरेंद्र बहादुर सिंह ने 24 जनवरी, 2015 को बीएचयू में लड़कों के लिए नवीन छात्रावास बनाने के लिए डेढ़ करोड़ रुपये दान दिए थे। उनका आरोप है कि 19 महीने का बीतने के बाद भी बीएचयू ने उनके पैसे का कोई उपयोग नहीं किया। पैसे का उपयोग न होने की स्थिति में उन्होंने पैसे वापस मांगे थे। बीएचयू ने 25 जुलाई को ब्याज समेत सुरेंद्र बहादुुर सिंह को एक करोड़ 75 लाख रुपये वापस कर दिए। संयुक्त कुलसचिव (लेखा) द्वितीय रणशील उपाध्याय की ओर से सुरेंद्र बहादर सिंह को इसकी सूचना दे दी गई है।