वाराणसी में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। नए मरीजों के मिलने के साथ ही अब मौत का ग्राफ भी बढ़ने लगा है। मंगलवार को जैतपुरा के लेबर कॉलोनी के पास विजयग्राम कालोनी में रहने वाले शेखर पांडेय (12) की मौत हो गई। इसके बाद अब जिले में डेंगू से मरने वालों का आंकड़ा दो हो गया है। दो नए मरीज मिलने के बाद अब कुल मरीजों की संख्या 225 तक पहुंच गई है।
जिस तरह से डेंगू के मरीज रहे हैं, स्वास्थ्य विभाग की चुनौती भी बढ़ रही है। मंगलवार को विजयग्राम कालोनी में रहने वाले आनंद के इकलौते बेटे शशांक की डेंगू से मौत के बाद पूरा परिवार शोकाकुल है। माता और पिता का रो रोकर बुरा हाल है। वह कक्षा सात का छात्र था। पिता आनंद ने बताया कि शशांक की तबीयत अधिक बिगड़ने पर उसे बीएचयू में भर्ती कराया गया था, जहां जांच में डेंगू की पुष्टि हुई।
यहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की नजर में जिले में डेंगू से केवल एक ही मौत हुई है। इस बारे में जिला मलेरिया अधिकारी एससी पांडेय का कहना है कि बीएचयू से लगातार संपर्क करने की कोशिश की जा रही है लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। बताया कि मंगलवार को बेनियाबाग में 24 वर्षीय युवक, सोनातालाब में 26 वर्षीय युवती में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके अलावा 1642 घरों में सर्वे में दो घरों में एंटी लार्वा मिलने पर नोटिस भी जारी की गई।