श्रम संगठनों की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का बनारस में भी व्यापक असर देखने को मिला। कारखानों में मशीनों की खटर-पटर बंद रही, एक भी चिट्ठी कहीं नहीं पहूंची और बैंकों में कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। हड़ताल से 600 करोड़ रुपये से ज्यादा चेक क्लीयर नहीं हो पाए जबकि औद्योगिक इकाइयों में 50 करोड़ से ज्यादा का उत्पादन नहीं हो पाया। इंडियन आयल के बाटलिंग प्लांट में कामकाज नहीं होने से गैस की आपूर्ति ठप रही। इसका असर दो दिनों तक रसोई गैस की आपूर्ति दो-तीन दिनों तक प्रभावित रहेगी।
श्रम कानूनों को लागू करने, महंगाई, न्यूनतम वेतन 15 हजार करने, ठेकेदारी प्रथा की समाप्ति सहित 12 सूत्रीय मांगों के समर्थन में औद्योगिक श्रमिकों, बीमा, डाक और बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। बैंकों, डाकघरों और बीमा कार्यालयों, आयकर, भूजल परिषद, एमईएस, मेल डाक सेवा के कर्मचारियों ने तालाबंदी करके दफ्तर के बाहर धरना दिया। भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड और इंडियन आयल बाटलिंग प्लांट में कामकाज पूरी तरह ठप रहा। बाटलिंग प्लांट से रोजाना 125 ट्रकों से पूर्वांचल के सभी जिलों को गैस की आपूर्ति
की जाती है लेकिन बुधवार को एक भी ट्रक नहीं निकला। बाटलिंग काम भी ठप रहा। इससे रसोई गैस की आपूर्ति की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और इसका असर अगले दो-तीन दिनों तक रहने की आशंका है। बैंकों का कामकाज ठप होने से 18 हजार चेकों की क्लीयरिंग नही हो पाई, जिससे बनारस और आसपास के जिलों का 600 करोड़ रुपये का लेनदेन प्रभावित हुआ। बीमा, डाक विभाग को हड़ताल के कारण 10 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है जबकि चांदपुर और रामनगर औद्योगिकी आस्थानों में 40 करोड़ का उत्पादन प्रभावित होने का अनुमान है।
सीटू के जिलामंत्री देवाशीष, राजेश्वर सिंह, प्रमोद राय, संदीप घटक, खेत मजदूर यूनियन के मदन लाल मौर्य के नेतृत्व में चांदपुर में जुलूस निकला गया और पानी टंकी के पास सभा की गई। प्रधान डाकघर विशेश्वरगंज और कैंट में मंत्री रामबचन मौर्य श्रीचरण सिंह, भुपेंद्र मिश्रा, गोपाल सिंह, राजेंद्र प्रसाद, जेपी सिंह सभा को संबोधित किया। संस्कृत विश्वविद्यालय में डॉ. हरिशंकर तिवारी, कर्मचारी संघ अध्यक्ष सुशील कुमार तिवारी, महामंत्री विनय कुमार, प्रदीप पांडेय, उपेंद्र नाथ द्विवेदी ने केंद्रीय कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। फेडरेशन आफ मीनिस्टीरियल सर्विस एसोसिएशन के विपिन कुमार सिंह, धीरज सिंह यादव आदि ने
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन किया जबकि शिक्षकों ने जिलाधिकारी कार्यालय में घुसने का प्रयास किया तो गेट बंद कर दिया और कुछ देर तक हंगामा होता रहा। हड़ताल के समर्थन में माकपा माले के सदस्यों मे इंग्लिशिया लाइन से भारत माता मंदिर तक जुलूस निकाला। भेलूपुर बीमा कार्यालय पर एलआईसी इंप्लाइज फेडरेशन के एसके श्रीवास्तव, एसएन सिंह, एसएन मुखर्जी और वाराणसी डिवीजन इंश्योरेंस इंप्लाइज एसोशिन के डीसी सिंह, राकेश गुजराती, विनोद, नारायण चटर्जी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया।