मुस्लिम राष्ट्रीय मंच और विशाल भारत संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में रक्षाबंधन कार्यक्रम में आपसी सौहार्द की एक अलग ही मिसाल पेश की गई। यहां मुस्लिम महिलाओं ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय प्रचारक इंद्रेश कुमार से भाई का रिश्ता गांठते हुए उन्हें राखी बांधी तो इंद्रेश कुमार ने बहनों को चुनरी ओढ़ाई।
इसके पहले मुस्लिम बहनों ने अपने भाई इंद्रेश कुमार का स्वागत गुलाब के फूलों को बरसा कर, उनकी आरती उतार कर किया। माथे पर रोरी चावल का तिलक लगाकर, उनके चित्र वाली राखी इंद्रेश कुमार की कलाई पर बांधी गई और उनकी हिफाजत की दुआ की। इस मौके पर राखी गीत भी गाए गए।
मलदहिया स्थित श्रीराम हॉल में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान ‘भारत में सांप्रदायिकता की चुनौतियां एवं समाधान’ विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया।
बतौर मुख्य अतिथि इंद्रेश कुमार ने कहा कि हजरत मोहम्मद (स.) ने कहा था कि हिंदुस्तान से सुकून की ठंडी हवाएं आती हैं। कहा इस्लाम ने हमेशा भाईचारे का पैगाम दिया है।
ऐसे ही आपसी सौहार्द से हिंदुस्तान की तरक्की होगी। पंचगंगा फाउंडेशन के अध्यक्ष डा. हेमंत गुप्ता, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के सहसंयोजक डा. राजीव श्रीवास्तव, मनोज कुमार शाह, डा. अब्दुल रहीम आदि ने भी अपने विचार रखे। संचालन नजमा परवीन और धन्यवाद ज्ञापन अर्चना सिंह ने किया।