भदोही- दुर्गागंज मार्ग के सुरियावां नगर में बुधवार को दोपहर उस समय खलबली मच गई जब अहमदाबाद से दवा समेत कई सामान लेकर भदोही आ रहे एक ट्रक में आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि आसपास कोई जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। ट्रक में आग लगने से मार्ग पर एक घंटे तक जाम लग गया।
अग्निशमन की गाड़ियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया गया। बताया जाता है कि हाईटेंशन तार की जद में आने से ट्रक में आग लगी।
इलाहाबाद के मऊआइमा के रहने वाले मो. सगीर ट्रक चलाता है। वह अहमदाबाद से दवाएं, ठंड के कपड़े और स्कूटी लादकर भदोही आ रहा था। मंगलवार को रात में वह अपने घर रूका और बुधवार सुबह भदोही के लिए निकला।
सुरियावां नगर के बाइपास के आगे बढ़ा था कि ट्रक के पिछला हिस्सा गुजर रहे हाईटेंशन तार की जद में आ गया। तार से हुई स्पार्किंग की चिंगारी सामानों पर पड़ गई। इस घटना से चालक अवगत नहीं हुआ लेकिन पीछे आ रहे एक ट्रैक्टर चालक को आग की लपटें दिखने लगी। रेलवे फाटक के दक्षिणी त्रिमुहानी पर ट्रैक्टर चालक ने ओवरटेक कर आग लगने की खबर दी। चालक ने ट्रक को खड़ी करने के बाद देखा तो उसके होश उड़ गए।
खबर मिलते ही एसओ सत्येंद्र यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना पर फायर बिग्रेड की टीम भी वहां पहुंच गई। आग बुझाने में करीब एक घंटे से अधिक समय लग गया। तब तक ट्रक में लदा सामान जलकर राख हो गया।