अहरौला में सड़क दुर्घटना में छतिग्रस्त टैंपो।
- फोटो : AZAMGARH
अहरौला। थाना क्षेत्र के झगड़ा-पाकड़ गांव के पास रविवार सुबह साढ़े नौ बजे आटो व ट्रक में हुई आमने-सामने की टक्कर में आटो सवार एक ही परिवार के तीन लोगों राजकुमार (30), रानू देवी (53) व श्रेया (8) की मौत हो गई। साथ ही तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। आटो सवार वैवाहिक समारोह में शामिल होने रिश्तेदारी में जा रहे थे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल व मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अतरौलिया क्षेत्र के जोहपतपुर गांव निवासी रामप्रीत (55) के रिश्तेदार अहरौला के बहेरा गांव निवासी बालचंद के लड़के की शादी थी। रविवार को बरात जानी थी। इसमें शामिल होने के लिए रामप्रीत पत्नी रानू देवी (53), पुत्र राजकुमार और पवन कुमार (24) दो पोतियों श्रेया पुत्री शिवकुमार व आकांक्षा (8)पुत्री राजकुमार के साथ आटो से बहेरा गांव जा रहे थे। आटो अहरौला के झगड़ा पाकड़ गांव के पास पहुंचा था कि सामने से आ रहे ट्रक ने सामने से टक्कर हो गई। इससे आटो चला रहे राजकुमार, रानू देवी व श्रेया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामप्रीत, पवन कुमार व आकांक्षा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से आटो में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया जहां से तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। आकांक्षा की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत राजकुमार के एक पुत्र व दो पुत्री है। मृत श्रेया मां-बाप की इकलौती संतान थी। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
अहरौला सड़क दुर्घटना में मारे गये के परिजन अतरौलिया के जोहपतपुर में रोते बिलखते।- फोटो : AZAMGARH