आजमगढ़-जौनपुर हाइवे पर विथार गांव के पास रविवार की रात तेज रफ्तार इनोवा की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना रात 10 बजे की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चोरसंड निवासी मोहम्मद अरसलान 20 पुत्र मुशीर और मोहम्मद अशरफ 21 पुत्र जफरूल किसी कार्यवश जौनपुर गए थे। देर रात वह बाइक से घर लौट रहे थे। विथार गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार की चपेट में आने से दोनों गम्भीर रूप से जख्मी हो गए।
घटना में दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस मौके पर पहुंच कर आवश्यक कार्यवाही में जुटी रही। घटना के बाद कार सवार मौके से फरार होने में सफल रहे।