वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र के वीरभानपुर गांव के सामने ओवरटेक के प्रयास में ट्रक और डीसीएम की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में डीसीएम चालक मोनू निवासी गढ़मुक्तेश्वर हापुड़ और ट्रक चालक सागर हुसैन, निवासी शेरघाटी बिहार घायल हुए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के केबिन क्षतिग्रस्त हो गए और चालक उनमें फंस गए। दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया।
थाना प्रभारी दयाशंकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भिजवाया। इसके बाद क्रेन की सहायता से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य कराया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा के कारण एक ही लेन पर दोनों दिशाओं वाहनों का संचालन होने से यातायात का दबाव काफी बढ़ गया है।