स्वच्छ भारत अभियान का झंडा बुलंद करने वाले प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र काशी में देश-विदेश से जुटे कारोबारियों के साथ शर्मनाक सलूक हुआ है। बनारस इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में आमंत्रित मेहमान कारोबारी एक अदद टॉयलेट तक को तरस गए। पाकिस्तान से आई महिला कारोबारियों को सबसे ज्यादा जिल्लत झेलनी पड़ी है। टॉयलेट न जाना पड़े, इसके लिए वे दिन में कुछ खाने-पीने से भी परहेज कर रही हैं।
पाकिस्तान सरगोधा की सपना कविता अोबेरॉय ने बताया कि इतने बड़े इंटरनेशनल ट्रेड फेयर में टॉयलेट न होना बड़े शर्म की बात है। आयोजकों से पूछा तो उन्होंने बाहर पब्लिक टॉयलेट का रास्ता दिखा दिया। आज यहां आए छह दिन हो गए। बदबू और गंदगी के कारण पब्लिक टॉयलेट जाना आसान नहीं। बहुत मजबूरी में अब तक दो बार ही पब्लिक टॉयलेट यूज किया है। इन्हीं परेशानियों को देखते हुए दिन में कुछ खाने-पीने से भी बचती हूं। बहुत ही शर्म की बात है कि ये हाल पीएम की कॉन्स्टिट्यूएंसी का है।
पाकिस्तान करांची की असमां आमिर ने भी इस बात पर बेहद नाराजगी जताई कि यहां मेहमानों के साथ ऐसा किया गया। कहा कि, आयोजकों को कम से कम इसका लिहाज तो करना ही चाहिए था कि लेडीज टॉयलेट का इंतजाम करें। यहां पर मेरे एक जानने वाले हैं, जरूरत पड़ने पर उन्हीं के यहां चली जाती हूं। बेहद खराब बात है ये। यही नहीं इंडिया में दूसरे शहरों में भी मैंने स्टॉल लगाए हैं, लेकिन वहां पूरा इंतजाम रहता था। इतनी गर्मी में यहां एसी का भी कोई इंतजाम नहीं, जबकि यहां आने के लिए हमने सवा लाख रुपये खर्च किए हैं।