पीलीकोठी में सड़क पर बह रहे सीवर से गुजरते राहगीर।
हनुमान फाटक, तेलियाना और पीलीकोठी क्षेत्र में एक सप्ताह से सीवर ओवरफ्लो और जलभराव से आक्रोशित क्षेत्रीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए लोग सड़क पर आ गए और जीटी रोड पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक विरोध प्रदर्शन के चलते आवागमन बाधित हो गया। लोगों की मांग थी कि समस्या का समाधान कराया जाए।
क्षेत्रीय लोगों का कहना था कि हनुमानफाटक और तेलियाना मुहल्ले में एक सप्ताह से घर की चौखट तक सीवर भरा हुआ है। कई बार नगर निगम, जलकल के अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट वीबी सिंह, पुलिस और जलकल के अधिकारी पहुंच गए। सिटी मजिस्ट्रेट ने आश्वस्त किया कि गुरुवार तक समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। तब जाकर चक्काजाम खत्म हुआ।