यूपी के आजमगढ़ जनपद में तीन तलाक का मामला सामने आया है। मेंहनगर क्षेत्र निवासी एक युवक ने दुबई से पत्नी को फोन कर तीन तलाक दे दिया। इससे परेशान पत्नी ने बृहस्पतिवार को थाने में पति समेत परिवार के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अल्लीपुर गांव की आत्मा खातून ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मेंहनगर कस्बे के हजरतनगर मोहल्ला निवासी मोहम्मद राशिद अक्सर उसके घर आता जाता रहता था। इसी दौरान दोनों में प्रेम हो गया। 2019 में दोनों ने निकाह कर लिया। निकाह के बाद वह पति के घर आकर रहने लगी। शादी के छह माह बाद ही पति रोजी रोटी के लिए दुबई चला गया।
पति के विदेश जाते ही उसकी मां, बहन आदि उससे दहेज की मांग करने लगी और इसके लिए उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। ससुराल वालों की यातना से तंग आकर उसने पति से शिकायत की तो पति ने भी परिजनों के बजाए उसे ही डांट फटकार लगाई। पीड़िता के अनुसार चार माह पूर्व पति ने दुबई से ही फोन कर उसे तीन तलाक दे दिया। इसके बाद ससुराल वालों ने उसे घर से भी निकाल दिया। तब से वह मायके में रह रही है। पीड़ित की तहरीर पर मेंहनगर पुलिस ने पति समेत परिवार के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।