बिहार और झारखंड बंद के दौरान धनबाद रेल मंडल अंतर्गत हजारीबाग के समीप नक्सलियों ने सोमवार रात विस्फोट कर रेलवे ट्रैक उड़ा दिया। इससे लगभग पांच घंटे तक धनबाद-गया रूट बाधित रहा। इस कारण विभिन्न स्टेशनों पर कई एक्सप्रेस ट्रेनें रोक दी गईं, जबकि कई के रूट बदले गए। विस्फोट के बाद मुगलसराय मंडल में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया।
सोमवार की रात 10:45 बजे और 10:47 बजे चौधरी बांध स्टेशन और चेंगारो हाल्ट के समीप डाउन ट्रैक को विस्फोट कर उड़ा दिया गया। धमाके में पटरी के एक मीटर हिस्से को नुकसान पहुंचा। इसके चलते ट्रेनों का आवागमन रोक दिया गया। फिर चार बजे तक ट्रैक की मरम्मत की गई और इसके बाद आवागमन शुरू हुआ।
इससे ट्रेनें चार से सात घंटे की देरी से पीडीडीयू नगर जंक्शन पहुंचीं। इससे यात्रियों को दिक्कत हुई। मुगलसराय मंडल सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह ने बताया कि बंदी के मद्देनजर विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं।