ट्रेड फैसिलिटी सेंटर में प्रदर्शनी का आगाज
राष्ट्रीय हथकरघा विकास निगम लिमिटेड (एनएचडीसी) हस्तशिल्पियों और ग्राहकों के साथ नए साल का जश्न अलग अंदाज में मना रहा है। इसके लिए एनएचडीसी ने बड़ा लालपुर स्थित ट्रेड फैसिलिटी सेंटर और शिल्प संग्रहालय में 14 दिनी राष्ट्रीय प्रदर्शनी आयोजित की है। रविवार को इस मेगा प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। यहां देश भर से विभिन्न विधाओं के हस्तशिल्पी अपने उत्पादों के साथ आए हुए हैं। प्रधानमंत्री के हाथों ट्रेड फैसिलिटी सेंटर के लोकार्पण के बाद किसी भी तरह का यह पहला आयोजन है। खरीदारों और आम लोगों के लिए प्रदर्शनी 14 जनवरी तक रोजाना सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक खुली रहेगी।
एनएचडीसी के कार्पोरेट कम्यूनिकेशन मैनेजर अनूप और वरिष्ठ प्रबंधक वाणिज्य दिनेश उखदेवे ने प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह कोशिश हस्तशिल्पियों को एक बेहतर प्लेटफार्म देने की है। यहां एक ही छत के नीचे मूल, आकर्षक हथकरघा, हस्तशिल्प और ऊनी उत्पाद प्राप्त किए जा सकते हैं। प्रदर्शनी के जरिए हथकरघा एजेंसियां न केवल उत्पादों का उचित दर पर विपणन करेंगी बल्कि उन्हें भविष्य में अपने उत्पादों में सुधार करने के लिए ग्राहकों की पसंद, रंग, डिजाइन तथा बुनाई को जानने का भी एक अवसर प्राप्त होगा।
हस्तशिल्प उत्पादों की विशेषताओं को दर्शाने, उन्हें नई पहचान दिलाने के लिए हैंडलूम मार्क योजना और सिल्क मार्क योजना लांच की गई है। इससे यह भी सुनिश्चित होता है कि क्रेता द्वारा खरीदा जाने वाला उत्पाद असली है। प्रदर्शनी में आए शिल्पियों को अपने उत्पादों के साथ हैंडलूम मार्क और सिल्क मार्क टैग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
प्रदर्शनी में गुलाबी मीनाकारी, लकड़ी, पत्थर, जरी और अन्य विधाओं के हस्तशिल्प उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। प्रदर्शनी में भारतीय हथकरघा ब्रांड उत्पादनकर्ता (राज्य सरकार), एजेंसियों, एपेक्स निकाय, प्राथमिक हथकरघा बुनकर सहकारी समितियां तथा अन्य एजेंसियां (जो कि एकीकृृत हथकरघा विकास योजना से संबद्ध हैं) भागदारी कर रही हैं। यहां से पहले यह प्रदर्शनी मुंबई, बंगलूरू, अहमदाबाद, भोपाल, कोलकाता और दिल्ली जैसे आयोजित की जा चुकी है।