बेसिक शिक्षा विभाग के ढांचे को मजबूत करने के लिए शासन ने अच्छी पहल शुरू की है। कक्षाओं के टॉपरों के नाम व फोटो बेसिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर लगाए जाएंगे। कक्षा छह, सात व आठ के छात्रों को इसमें शामिल किया गया है।
परिषदीय स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के लिए शासन द्वारा कई तरह के प्रयास हो रहे हैं। बच्चों को भी शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए स्कूलों में विभिन्न गतिविधियां कराई जा रही हैं। मगर अब शासन द्वारा कक्षाओं के मेधावी छात्रों के लिए एक नई योजना बनाई गई है। इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ेगा। बीएसए राकेश सिंह ने बताया कि नए सत्र से कक्षा छह, सात और आठ के टॉपर की फोटो परिषद की वेबसाइट पर लगाई जाएगी।