फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक क्लिक में अपराध की 10 खबरें: निवेश का झांसा देकर 35 लाख की ठगी, घर से नकदी, जेवर और अन्य सामान चोरी

Wed, 26 Jun 2024 06:31 PM IST
अमन विश्वकर्मा अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी

सार

Varanasi News: वाराणसी में अपराध की कई खबरें रहीं। पहली खबर लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की है। साइबर अपराधियों ने पांडेयपुर के एक कैंसर पीड़ित से 35.75 लाख की ठगी कर ली। दूसरी खबर सेवापुरी के भुइली गांव की है। यहां गांव की छह महिलाओं से आभूषण लेकर महिलाएं ही फरार हो गईं। आइए पढ़ते हैं अन्य खबरें...
विज्ञापन
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शेयर मार्केट और आईपीओ में निवेश के नाम पर साइबर जालसाजों ने कैंसर पीड़ित से 35.75 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर के आधार पर साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

विज्ञापन


पांडेयपुर क्षेत्र की गणेश नगर कॉलोनी के कुमार सिद्धार्थ ने पुलिस को बताया कि फेसबुक पर एक लिंक के माध्यम से उन्हें जेफरी इंडिया ग्रुप की जानकारी गत 13 मई को हुई। इसके बाद एक व्हाट्स एप ग्रुप के लिंक के माध्यम से उन्हें जुड़ने को कहा गया। इसमें 143 सदस्य थे। 

ग्रुप की फाइनेंशियल एडवाइजर जूलिया स्टर्न ने उन्हें फोन कर बताया कि ट्रेडिंग की जानकारी दी। फिर अलग-अलग बैंकों में पैसा जमा करने को कहा जाता था। जमा धनराशि एक एप में बैलेंस के रूप में दिखती थी। उसी बैलेंस के अनुसार शेयर मार्केट और आईपीओ में निवेश हो जाता था। इस तरह से उन्होंने 35.75 लाख रुपये का निवेश किया। 
विज्ञापन


कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि जब उनके पूरे पैसे खत्म हो गए, तब उन्हें क्रेडिट स्कोर को ठीक करने के लिए फिर पांच लाख रुपये जमा करने को कहा गया। यह भी कहा गया कि क्रेडिट स्कोर ठीक नहीं होने की स्थिति में पैसा निकालने के समय दिक्कत आ सकती है। इसलिए रकम जमा करना जरूरी है। कुमार सिद्धार्थ ने पुलिस को बताया कि मूलधन और अर्जित मुनाफा नहीं मिल सका।

बाहर से आई महिलाएं भुइली गांव की महिलाओं के गहने ले भागीं

सेवापुरी की भुइली गांव की छह महिलाओं के आभूषण लेकर चार महिलाएं भाग निकलीं। महिलाओं ने बताया कि गांव में चार बाहरी महिलाएं आई थीं। महिलाओं ने मात्र 20 रुपये में पुराने बर्तन की मरम्मत कर घर तक पहुंचाने को कहा। 

महिलाओं ने कहा कि चांदी से संबंधित जो भी आभूषण देंगी, उसकी डिजाइन कंपनी में दिखाकर उसे वापस करने के साथ ही 1000 रुपये देंगी। महिलाओं की बात में आकर गांव की महिलाओं ने अपनी चांदी की पायल उन्हें दे दी। दूसरे दिन जेवर और 1000 रुपये देकर गांव की महिलाओं का दिल जीत लिया। 

तीसरे दिन महिलाएं फिर आईं और बोलीं कि हमारी कंपनी वालों ने सोने के आभूषण की मांग की है। कंपनी आभूषण की डिजाइन दिखेगी और वह गहना लौटाने के साथ ही 5000 रुपये भी देगी। महिलाओं ने विश्वास कर उन्हें सोने के आभूषण दे दिए। उसके बाद महिलाएं नहीं आईं। 

प्रियंका सिंह, शशिकला तिवारी, प्रियंका तिवारी, मंगल तिवारी, शीला गोंड और तूफानी के झुमके, चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र सहित अन्य आभूषण वह लेकर भाग गई हैं। जंसा थानाध्यक्ष वैद्यनाथ सिंह ने कहा कि किसी की तरफ से तहरीर नही मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

देखने के लिए मांगे जेवर, फिर लेकर भाग गईं

चौबेपुर बाजार में आभूषण की एक दुकान में दो महिलाएं जेवर देखने आईं। मौका पाकर दोनों 25 ग्राम सोने के जेवर लेकर भाग निकलीं। दुकान में लगे सीसी कैमरे में दोनों की तस्वीर कैद हुई है। पीड़ित आभूषण व्यापारी की तहरीर पर चौबेपुर थाने की पुलिस जांच कर रही है।

चौबेपुर बाजार निवासी महेंदर सेठ कटरू की आभूषण की दुकान पर दोनों कान का सुई-धागा दिखाने की बात करने लगी। दुकानदार ने उन्हें सुई-धागा दिखाया। महिलाओं ने सुई-धागा पसंद न आने की बात कही और कुछ अलग डिजाइन दिखाने को कहा। दुकानदार चाची को दुकान देखने के लिए कहकर सामान लाने एक व्यापारी के पास चला गया। 

इसी बीच दोनों महिलाएं दुकान से चली गईं। दुकानदार जब लौटा तो प्लास्टिक के लॉकर सहित 13 सुई-धागा गायब थे। गायब जेवर की कीमत पौने दो लाख आंकी गई है। चौबेपुर थाना प्रभारी विद्या शंकर शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

मुफ्त में आम न देने पर सिपाही पर ठेला पलटने का आरोप

वाराणसी के मंडुवाडीह थाने के एक सिपाही पर बीती शाम मुफ्त में आम न देने पर ठेला पलट देने के साथ ही दुकानदार का मोबाइल छीनने का आरोप लगा। इसे लेकर सरेराह जमकर किचकिच भी हुई। बनारस रेलवे स्टेशन के सामने ठेला लगाकर आम बेचने वाले एक युवक ने बताया कि दो-तीन सिपाही आए थे।

उनमें से एक ने दो किलो आम मांगा तो उसने तौल कर दे दिया। सिपाही से उसने पैसा मांगा तो उसे थप्पड़ मारने के साथ ही उसका ठेला पलट दिया गया। उधर, मंडुवाडीह थानाध्यक्ष भरत उपाध्याय ने सिपाही पर लगे आरोपों का खंडन किया। कहा कि ऐसी कोई बात नहीं थी। 

बरात में हुई कहासुनी के बाद मनबढ़ों ने पीटा, गंभीर

बरात से लौटते समय कहासुनी के बाद रास्ते में घेरकर एक युवक पर हमला किया गया। फूलपुर थाने में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। दो नामजद आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। फूलपुर निवासी किशन यादव ने पुलिस को बताया कि गरखड़ा से शादी से लौटते समय फूलपुर-थरी मार्ग पर घात लगाकर बैठे पांच लोगों ने उस पर और उसके दोस्त पर हमला किया। 

हमले में दोस्त प्रहलादपुर, फूलपुर निवासी सूरज यादव को गंभीर चोट लगी है। उसे पीएचसी पिंडरा से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने असिला निवासी अमित यादव उर्फ छोटू यादव और सुरेंद्र यादव उर्फ नाटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस को असिला के मुकेश यादव की तलाश है। 

मंदिर के सामने शराब पीने से मना करने पर व्यापारी नेता को पीटा

फूलपुर कस्बे में मंदिर के सामने बैठकर शराब पीने से मना करने पर मनबढ़ों ने व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष को बुरी तरह पीट दिया। विरोध में फूलपुर के व्यापारी प्रतिष्ठान बंद कर स्थानीय थाने पहुंचे। एडीसीपी गोमती जोन के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन पर गुस्साए व्यापारी शांत हुए। 

फूलपुर निवासी रमेश विश्वकर्मा ने प्राथमिक विद्यालय के पास शिव मंदिर के सामने सोमवार रात शराब पी रहे लोगों को मना किया था। आरोप है कि नाराज होकर कस्बे के सोनकर बस्ती के रहने वाले पांच-छह युवकों ने पंच और लात-घूसों से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल रमेश बेहोश हो गए। 

शोर सुनकर स्थानीय लोगों ने दो लोगों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। व्यापार मंडल के पदाधिकारी विरोध में उतर आए। साथ ही दुकानें बंद कर फूलपुर थाने पहुंचे और मनबढ़ों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। मामला शांत न होते देख एडीसीपी गोमती जोन आकाश पटेल और एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार थाने पहुंचे। 

व्यापारियों के बुलावे पर आए उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता व भाजपा जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह ने कार्रवाई की मांग की। एडीसीपी गोमती जोन ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश इंस्पेक्टर फूलपुर संजय मिश्रा को दिया।

दहेज के लिए विवाहिता को गायब करने का आरोप, थाने पर हंगामा

चौबेपुर के परनापुर गांव की विवाहिता को दहेज के लिए गायब करने का आरोप लगाकर मायके वालों ने चौबेपुर थाने पर हंगामा किया। पुलिस ने विवाहिता को जल्द बरामद कराने का आश्वासन देकर मायके वालों को शांत कराया। 

चौबेपुर थाना क्षेत्र के खुटहना गांव निवासी बिरजू राम ने बताया कि उन्होंने पुत्री सविता की शादी 29 मई 2023 को परनापुर गांव निवासी दुक्खू राम के पुत्र बाला लखंदर उर्फ बचाऊ से की थी। शादी के बाद से ही पति, देवर और ससुर बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। 14 जून की रात उनकी बेटी को ससुराल के लोगों ने गायब कर दिया। 

पुलिस ने दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज की, लेकिन बेटी बरामद नहीं हो सकी। बस्ती के लोगों के साथ थाने आकर गुहार लगाई। विवाहिता के पति का कहना था कि चार लोग 14 जून की रात चारपहिया वाहन से आए सविता को अपने साथ लेकर लेकर चले गए। 

जमीन विवाद को लेकर मारपीट, दो घायल

मिर्जामुराद के अदमापुर गांव में सोमवार देर शाम जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें दो लोग घायल हुए हैं। अदमापुर गांव निवासी शंकर प्रसाद और विपक्षी के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद है। मारपीट में एक पक्ष की रिंकी व अमृत धर घायल हो गए। मिर्जामुराद थाने में तीन लोगों के खिलाफ तहरीर देकर घायल का मेडिकल मुआयना किया गया। 

शादी के दो माह बाद ही दहेज के लिए मारपीट

दहेज में बाइक, पांच लाख नकदी और सोने की ब्रेसलेट नहीं लाने पर विवाहिता से मारपीट के मामले में लालपुर-पांडेयपुर थाने में आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। मूल रूप से गाजीपुर जिले के भुजाड़ी, गौरी की रहने वाली अनीता के अनुसार दो महीने पहले उनकी शादी कामता नगर, ऐढ़े निवासी श्रवण कुमार के साथ हुई थी। 

आरोप है कि अनीता से ससुराल आने के बाद बाइक, पांच लाख रुपये और सोने का ब्रेसलेट के लिए पति, ननद और सास की ओर से दबाव बनाया जाने लगा। इनकार करने पर प्रताड़ित किया गया। विरोध करने और मायके सूचना देने पर 20 जून को पति श्रवण कुमार, सास प्रमिला देवी, विनय और ननद पूनम ने मिलकर अनीता को बेरहमी से पीटा। पीड़िता की तहरीर पर लालपुर-पांडेयपुर थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।
विज्ञापन

घर में घुस कर नकदी, जेवर और अन्य सामान चोरी

वाराणसी के महमूरगंज में रहने वाली माया कुशवाहा की तहरीर के आधार पर सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। माया ने पुलिस को बताया कि चोर रविवार की रात उनके घर में घुसकर जमीन की रजिस्ट्री के पेपर, हाईस्कूल से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक की मार्कशीट व प्रमाण पत्र, 10000 रुपये, सोने-चांदी के जेवर और तीन मोबाइल चुरा ले गए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें