दुकान में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़, दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर दर्ज कराई प्राथमिकी
चेतगंज थाना क्षेत्र के सराय गोवर्धन में मकान और दुकान के विवाद को लेकर मारपीट, तोड़फोड़ और धमकी देने के मामले में पुलिस तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों पर क्रॉस प्राथमिकी दर्ज की। बड़ी पियरी निवासी राजीव गुप्ता का आरोप है कि बबलू यादव, ज्ञानचंद्र गुप्ता, वेद प्रकाश, रवि गुप्ता, विजय शंकर गुप्ता, मधु गुप्ता और लक्ष्मी देवी 30 अगस्त की रात आरोपी दुकान पर पहुंचे धमकी देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने राजीव और उत्कर्ष गुप्ता को मारपीट कर घायल कर दिया। दुकान में तोड़फोड़ कर सामान बाहर फेंक के ताला लगा दिया। वहीं दूसरे पक्ष के ज्ञानचंद्र गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने राजीव गुप्ता, उसके बेटे उत्कर्ष, भाई, भतीजे जयते, साले समेत 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। आरोप है कि रविवार सुबह करीब 10 बजे आरोपी घर में घुस आए और बहू व बेटी को कमरे से बाहर खींचकर पीटने लगे। महिलाओं से अभद्र व्यवहार किया। दामाद विजय गुप्ता और बेटी मधु गुप्ता पर धारदार हथियार से हमला किया गया। थाना प्रभारी विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
विवाहिता से मारपीट और कपड़े फाड़ने का आरोप
कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर स्थित मां चौरा नगर कॉलोनी में पांच लाख रुपये दहेज की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट, प्रताड़ना और कपड़े फाड़ने का मामला सामने आया है। पूनम भारती की तहरीर पर कैंट पुलिस ने पति बृजेश कुमार भारती समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पूनम का आरोप है कि 19 अप्रैल 2022 को शादी के बाद पति, देवर गुरुदत्त भारती और ननदें अर्चना, ज्योत्सना व नीरेश दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे। 27 अगस्त को विवाद के दौरान मारपीट कर कपड़े फाड़ने का आरोप है। 28 अगस्त को वह मायके चली गई। लौटने पर पति ने उसे घर में रखने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि जांच शुरू कर दी है।