वाराणसी के पांडेयपुर स्थित मानसिक अस्पताल का नाम बदलने की मांग उठने लगी है। शुक्रवार को चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक को चिट्ठी लिखकर कहा गया है कि इसका नाम इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ रखा जाए।
मानसिक अस्पताल के निदेशक डॉ. अशोक राय ने कहा कि मानसिक चिकित्सालय का नाम सुनकर लोग आने में कतराते हैं। जबकि यहां पर ओपीडी चलती है, जिसमें अनिद्रा और किसी लत के शिकार लोग भी आते हैं। लेकिन, इसके नाम से कई लोग दूर भागते हैं, क्योंकि मानसिक बीमारी को बहुत अलग तरीके से देखा जाता है। अक्सर लोग जब दूसरे शहर या प्रदेश से आते हैं तो सामान्य भाषा में रिक्शा चालकों से वह पागलखाना चलने को कहते हैं। जिस पर मरीजों पर बुरा प्रभाव पड़ता है। ऐसे में तत्काल इसका नाम बदला जाए।
पक्षकार बनने की अर्जी पर सुनवाई टली
अपर जिला जज 14वां देवकांत शुक्ला की कोर्ट में शुक्रवार को ज्ञानवापी प्रकरण में मुख्तार अहमद अंसारी द्वारा पक्षकार बनाने के लिए दी गई निगरानी अर्जी पर सुनवाई टल गई। अब इस मामले की सुनवाई चार नवंबर को होगी। मामले में लोअर कोर्ट से मूल पत्रावली तलब की गई थी, मगर उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण सुनवाई नहीं हो पाई।
मुख्य अभियंता अरविंद सिंघल का तबादला
वाराणसी जोन प्रथम के मुख्य अभियंता अरविंद कुमार सिंघल का शुक्रवार को तबादला हो गया। वह पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम में भेजे गए हैं। इसी साल मार्च में मुख्य अभियंता पद पर उन्होंने कार्यभार संभाला था। अचानक मुख्य अभियंता के तबादले होने के आदेश से पूरे जोन में हलचल बढ़ गई है।
अदला-बदली मामले में सुनवाई 5 नवंबर को
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट और अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी के बीच तीन साल पहले हुई जमीन की अदला-बदली को चुनौती देने वाले वाद की सुनवाई अब पांच नवंबर को होगी। वादी बनारस बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि मामले के प्रतिवादी अदालत में न हाजिर हुए हैं और न जवाबदेही दाखिल किए हैं। सिविल जज सीनियर डिवीजन हितेश अग्रवाल की अदालत ने न्यायहित में प्रतिवादियों को जवाबदेही दाखिल करने के लिए एक और अवसर देते हुए सुनवाई की तिथि पांच नवंबर नियत की है।
रोजगार मेले में 149 को मिली नौकरी
रोजगार मेला में शुक्रवार को 149 युवाओं को दो से तीन लाख रुपये का पैकेज मिला। सेवापुरी ब्लाक और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय चौकाघाट में 900 युवा पहुंचे थे। उद्घाटन भाजपा नेता संजय सिंह और सहायक निदेशक (सेवायोजन) मुकेश कुमार ने किया। चौकाघाट में 11 कंपनियों के स्टॉलों पर साक्षात्कार हुआ। कंपनियों ने विभिन्न पदों पर 121 युवाओं का चयन किया। इन्हें 15 से 25 हजार रुपये तक वेतन मिलेगा। सेवापुरी ब्लॉक में मेले में 28 युवाओं का गार्ड के पद पर चयन हुआ। मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि अगला मेला 26 अक्तूबर को लगेगा।
साइकोथेरेपी में पीजी डिप्लोमा की परीक्षा 25 को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में साइकोथेरेपी, काउंसिलिंग और गाइडेंस में पीजी डिप्लोमा की परीक्षा 25 अक्तूबर को होगी। विभाग की अध्यक्ष प्रो. रश्मि सिंह ने बताया कि 2023-24 के छात्रों के लिए प्रायोगिक, मौखिकी और इंटर्नशिप की मौखिक परीक्षा मनोविज्ञान विभाग में सुबह 10 बजे होगी। छात्र और छात्राओं को प्रायोगिक फाइल, इंटर्नशिप केस हिस्ट्री फाइल और एडमिट कार्ड लेकर आना होगा।
विद्यापीठ में 4 दिन तक नहीं चलेंगी ऑफलाइन कक्षाएं
विद्यापीठ में 21 अक्तूबर से चार दिन तक विभागों में कक्षाएं नहीं चलेंगी। 21, 23, 25 अक्तूबर और चार नवंबर को कक्षाएं ऑनलाइन चलाई जाएंगी। कुलसचिव प्रो. सुनीता पांडेय ने बताया कि काउंसिलिंग की डिटेल वेबसाइट पर उपलब्ध है। छात्र और छात्राओं को ऑनलाइन क्लासेज का लिंक भेजा जाएगा।
40 छात्र इरी की गतिविधियों से हुए रूबरू
महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर के बीएससी (ऑनर्स) कृषि के अंतिम वर्ष के 40 छात्रों ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय चावल अनुसंधान संस्थान के साउथ एशिया रीजनल सेंटर (आईसार्क) का भ्रमण किया। उन्नत तकनीकों, धान आधारित कृषि खाद्य प्रणालियों में चल रहे अनुसंधान के बारे में जानकारी ली। निदेशक डॉ. सुधांशु सिंह ने गतिविधियों से अवगत कराया। डॉ. अमित, डॉ. स्वाति रहे।
लोक संगीत में विद्यार्थियों ने बांधा समा
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलदहिया में मंडल स्तरीय युवा उत्सव और इनोवेशन इन साइंस एंड टेक्नोलॉजी थीम पर विज्ञान मेला लगा। एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने उद्घाटन किया। लोकगीत, लोकनृत्य, कविता, कहानी लेखन, चित्रकारी स्कूली छात्रों ने प्रतिभा दिखाई। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
युवा उत्सव के विजेता राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। उपनिदेशक युवा कल्याण मनोज कुमार, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी रीना यादव, जिला युवा कल्याण अधिकारी नीतीश राय, बिरेंद्र प्रताप सिंह, हरिशंकर शास्त्री, विवेक मौजूद रहे।
आईटीआई में 30 अक्तूबर तक लें प्रवेश
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी अभ्यर्थियों को प्रवेश का एक और मौका दे रहा है। प्रधानाचार्य ने बताया कि नए सत्र में चौथे चरण की काउंसिलिंग के बाद बची सीटों पर अभ्यर्थी 30 अक्तूबर तक प्रवेश ले सकते हैं।
बलदेव पीजी कॉलेज को कविता लेखन में दूसरा स्थान
युवा उत्सव में बलदेव पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। शुक्रवार को मलदहिया के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में शुभारंभ छात्रा खुशबू जायसवाल और आंचल प्रजापति की सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुआ। शुभम प्रकाश को कविता लेखन में दूसरा और लोक नृत्य में कृष्ण कुमार तिवारी को तीसरा स्थान मिला।
प्राचार्य प्रो. रविंद्र द्विवेदी ने विजयी छात्रों को सम्मानित किया। युवा कल्याण और प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर आयोजन हुआ। इस दौरान, डॉ. ज्योत्सना त्रिपाठी, आलोक चौबे, डॉ. अनामिका दुबे, डॉ. तनुजा सिंह, डॉ. आनंद ने उत्साह बढ़ाया।
शाइन सिटी के निदेशक समेत अन्य पर केस दर्ज
जमीन में निवेश के बहाने 14 लाख रुपये हड़पने और धोखाधड़ी मामले में शाइन सिटी के निदेशक राशिद नसीम समेत अन्य के खिलाफ रोहनिया थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। रोहनिया थाना क्षेत्र के सगहट गांव निवासी अवधेश कुमार मिश्रा के अनुसार पिता के रिटायरमेंट पर पूंजी निवेश के तहत जेपी मेहता रोड स्थित शाइन सिटी इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में निदेशक राशिद नसीम समेत अन्य से मुलाकात की। पत्नी अंजू मिश्रा के नाम पर जमीन में ढाई लाख नकदी समेत कुल 14 लाख का निवेश किया। कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर पैसा हड़प लिया गया।
चाकू लेकर घूम रहे युवक को पुलिस ने पकड़ा
शिवाला इलाके में शुक्रवार की रात सब्जी काटने वाले चाकू को लेकर घूम रहे एक युवक को भेलूपुर थाने की पुलिस ने पकड़ा। चाकू के साथ पकड़ा गया 25 वर्षीय युवक सीमेंट ढोने का काम करता है। वह दक्षिणेश्वर काली, बंगाल का निवासी बताया गया है। भेलूपुर थाने की पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है।
रिटायर्ड फार्मासिस्ट के घर से चोरी
सेंट्रल जेल रोड स्थित शांति बिहार कॉलोनी निवासी रिटायर्ड फाॅर्मासिस्ट वशिष्ठ श्रवण सिंह के मकान से चोर शुक्रवार को दिनदहाड़े सोने की चेन, दो अंगूठी और चार जोड़ी पायल चुरा ले गए। दंपती ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
मारपीट और छेड़खानी के आरोप में मुकदमा दर्ज
शिवपुर के कोईलहवा काशीराम क्षेत्र की एक महिला ने शिवपुर थाने की पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया कि गत 17 अक्तूबर की रात अभिनाश कुमार रंजन उर्फ टाइगर ने अकारण ही उसके साथ मारपीट की। इसके बाद अपनी बाइक पर जबरन ले जाने की कोशिश करने लगा। 112 नंबर पर सूचना देने पर जब तक पुलिस आई तब तक वह उसके दो भाइयों को भी मारते हुए उनकी अंगुली दांत से काट लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
550 बेड वाले कार्डियक सेंटर के लिए लिखा पत्र
बीएचयू के ह्रदय रोग विशेषज्ञ प्रो. ओमशंकर ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम चिट्ठी लिखी है। कहा कि वाराणसी में 500 बेड वाले एक डेडीकेटेड कार्डियक सेंटर की स्थापना की जाए। इस क्षेत्र में हृदय रोगियों की संख्या में तेजी आई है। डेडीकेटेड कार्डियक सेंटर न होने से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को दिल्ली या लखनऊ जाना पड़ता है। अस्पताल बन जाए तो फिर, वाराणसी, उत्तर प्रदेश और उससे आगे के लोगों के लिए अत्यधिक लाभकारी साबित होगा।
सफाई कर्मचारियों का हुआ सम्मान
उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय संयुक्त सफाई कर्मचारी संघ की ओर से शुक्रवार को रसूलगढ़ की वाटिका में महर्षि बाल्मीकि का प्राकट्योत्सव मनाया गया। सफाई कर्मचारियों एवं अतिथियों का सम्मान हुआ। संघ के प्रदेश अध्यक्ष सोनचंद बाल्मीकि ने अध्यक्षता की। सम्मानित किए कर्मचारियों में करण सोनकर, अनिकेत, सुजीत कुमार, मुकेश कुमार, संतोष कुमार शामिल रहे। इस दौरान वाराणसी नगर निगम संघ का अध्यक्ष अशोक कुमार यादव को बनाया गया।
डीसीपी वरुणा जोन ने चौबेपुर थाने का निरीक्षण किया
डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीणा ने शुक्रवार की भोर चौबेपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीसीपी ने हवालात, मालखाना, महिला हेल्प-डेस्क के साथ रजिस्टरों को देखा। उन्होंने कहा कि रजिस्टरों का सही तरीके से रखरखाव करें और थाना परिसर की नियमित साफ-सफाई पर गंभीरता से ध्यान दें। थाने से फरियादी निराश होकर न जाएं और उनके साथ सही तरीके से व्यवहार हो।
कमिश्नरेट के वरुणा जोन के 8 दरोगाओं का तबादला
कमिश्नरेट के वरुणा जोन के आठ दरोगा का डीसीपी चंद्रकांत मीना ने शुक्रवार को तबादला किया। दरोगा अवनीश कुमार मिश्र को अखरी चौकी प्रभारी, दरोगा राहुल कुमार सिंह को सेंट्रल जेल चौकी, दरोगा गौरव सिंह को कांशीराम आवास चौकी, दरोगा अनिल कुमार सिंह को आशापुर चौकी और दरोगा जितेंद्र कुमार वर्मा को चांदपुर चौकी के प्रभारी के पद पर तैनात किया गया है। वहीं, दरोगा श्रीराम उपाध्याय को सारनाथ थाना, दरोगा भरत कुमार चौधरी को रोहनिया थाना और दरोगा मनीष कुमार चौधरी को लालपुर पांडेयपुर थाना में तैनात किया गया है।
ग्राम पंचायतों में रखे जाएंगे कूड़े के लिए बैग
ग्राम पंचायतों में भी अब कूड़े के लिए बैग रखे जाएंगे। ये कपड़े और प्लास्टिक दोनों के हो सकते हैं। सीडीओ हिमांशु नागपाल ने सभी बीडीओ को निर्देश दिए हैं कि अपने अपने इलाकों में प्लास्टिक कचरे के लिए अलग से बैग रखें ताकि इसका निस्तारण बेहतर तरीके से हो। 100 गांवों में बोरे तक टांगे गए हैं, जिनमें लोग प्लास्टिक कचरा डाल रहे हैं। बाकी शेष खाद के रूप में इस्तेमाल हो रहा है।
क्षेत्र की समस्या सदन में उठाऊंगी : प्रिया सरोज
पिंडरा के कैथोली स्थित लॉन में अभिनंदन समारोह हुआ। इसमें मछलीशहर सपा सांसद प्रिया सरोज ने कहा कि क्षेत्र की जनता जिस विश्वास के साथ मुझे जनप्रतिनिधि चुना है उस पर खरा उतरने के साथ क्षेत्र की समस्याओं को सदन में उठाऊंगी। काशी द्वार के विरोध में उतरे किसानों के साथ अन्याय नहीं होगा। केराकत विधायक तूफानी सरोज मनोज यादव, कमलेश पटेल मौजूद रहे।
सुरक्षित ट्रेन संचालन में परिवार की भूमिका पर चर्चा
पूर्वोत्तर रेलवे के लहरतारा स्थित अधिकारी क्लब में क्रू लाबी के सुरक्षा से जुड़े रेल कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें संरक्षित ट्रेन संचालन में परिवार की भूमिका पर चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर मंडल रेल प्रबंधक (आपरेशन) राजेश कुमार सिंह ने किया। ब्रम्हा कुमारी कविता व रीना, ब्रम्ह कुमार ओएन उपाध्याय, सौरभ ने रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को मानसिक शांति योगाभ्यास का प्रशिक्षण दिया।
सिपाही ने कैंसर पीड़ित के लिए किया रक्तदान
होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल में भर्ती एक कैंसर पीड़ित के लिए लोहता थाने के सिपाही अलीमुल्ला ने रक्तदान किया। दरअसल, गाजीपुर के जंगीपुर के रहने वाले आदित्य गुप्ता का कैंसर का उपचार चल रहा है। उन्हें खून की आवश्यकता थी और उनके परिजन परेशान थे।
बेसिक स्कूलों के छात्र चखेंगे 30 लाख के गजक, चिक्की का स्वाद
अतिरिक्त सप्लीमेंट्री के लिए वाराणसी के बेसिक स्कूलों के लिए 30 लाख का बजट दिया गया है। जिसमें छात्रों के लिए मूंगफली की चिक्की, गुड़, तिल का गजक या रामदाने, बाजरे के लड्डू का वितरण नवंबर से मार्च तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को किया जाएगा।
प्रति छात्र को 20 ग्राम की मात्रा में लड्डू, 50 ग्राम भुना चना दिया जाएगा। इसके लिए 5 रुपये प्रति छात्र प्रति दिवस की दर पर निर्धारित की गई है। वाराणसी में सभी स्कूलों में 7 नवंबर से 28 नवंबर तक कुल मीड डे मील के अतिरिक्त सप्लीमेंट्री के लिए 30 लाख का बजट दिया गया है। जिससे करीब 1 लाख छात्र लाभान्वित होंगे। बीएसए अरविंद पाठक ने बताया कि अतिरिक्त सप्लीमेंट्री से छात्रों को पौष्टिक आहार मिलेंगे। जिसका वितरण नवंबर के पहले बृहस्पतिवार से शुरू हो जाएगा।
छंटनी-उत्पीड़न के विरोध में बिजली कर्मियों ने धरना दिया
छंटनी और उत्पीड़न के विरोध में भिखारीपुर स्थित पूर्वांचल डिस्कॉम मुख्यालय के बाहर शुक्रवार को बिजली कर्मियों ने धरना दिया। निदेशक कार्मिक प्रबंधन आरके जैन के आश्वासन पर बिजली कर्मियों ने धरना समाप्त किया। पूर्वांचल अध्यक्ष इंद्रेश कुमार राय ने कहा कि ट्रांसफर के नाम पर संविदा कर्मचारियों की छंटनी की जा रही थी।
कई जनपदों में नए टेंडरों में मैनपावर की संख्या भी कम कर दी गई है। वाराणसी के तीन मंडलों से लगभग 500 संविदा कर्मचारी छटनी की जद में हैं। इस मौके पर वेद प्रकाश राय, संजय सिंह, जेपीएन सिंह, विनोद श्रीवास्तव, पुनीत राय, अशोक राय, आनंद सिंह आदि मौजूद रहे।
पांच आदेश फिर भी नहीं सुधर रहीं अंकपत्रों की त्रुटियां
यूपी बोर्ड की परीक्षा के बाद अंक पत्रों में त्रुटियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बोर्ड परीक्षा के परिणाम आने के बाद माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय में रोज ही दो से तीन सौ आवेदन आ रहे हैं। जबकि परिषद ने कॉलेजों को पांच बार फॉर्म में त्रुटियों को सुधारने का मौका दिया, फिर भी त्रुटियां आ रही हैं। सबसे ज्यादा नाम की त्रुटियां हैं। उपसचिव, क्षेत्रीय कार्यालय, माध्यमिक शिक्षा परिषद साहब सिंह यादवपरीक्षा होने के पहले तक भरे गए फॉर्म में ऑनलाइन सुधार का मौका दिया गया। बावजूद इसके कॉलेज स्तर पर ठीक से सुधार न होने से त्रुटियां हो रही हैं। इसके चलते अभ्यर्थी परेशान हो रहे हैं।
इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर किया हंगामा
जिला महिला अस्पताल कबीर चौरा में शुक्रवार को इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर महिला मरीज के परिजनों ने किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर मामला शांत कराया। राजघाट निवासी महिला के परिजन बबलू का आरोप है कि डॉक्टर को दिखाया तो पता चला कि प्रसव का समय नहीं हुआ है। शुक्रवार को बाहर अल्ट्रासाउंड कराया। पता चला कि बच्चे की पेट में पहले ही मौत हो चुकी है। इस बारे में जिला महिला अस्पताल की एसआईसी डॉ. मनीषा सिंह का कहना है कि मामले के बारे में पूरी जानकारी नहीं है। अगर कोई शिकायत मिलेगी तो जांच कराई जाएगी।
फर्जीवाड़े में पीएसी का बर्खास्त सिपाही वाराणसी से गिरफ्तार
फर्जी जाति प्रमाण पत्र लगाकर पीएसी में नौकरी हासिल करने वाले बर्खास्त सिपाही को महानगर पुलिस ने वाराणसी से गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्र ने बताया कि वाराणसी बड़ागांव निवासी ओम प्रकाश के खिलाफ अक्तूबर-2023 में महानगर थाने में तत्कालीन इंस्पेक्टर ने धोखाधड़ी व जाली दस्तावेज बनाने का केस दर्ज कराया था।
आरोपी ने वर्ष 1997 में पीएसी में नौकरी हासिल की थी और 10वीं वाहिनी पीएसी में तैनात था। ओम प्रकाश ने नौकरी हासिल करने के लिए अपनी जाति अहिर की जगह बुक्सा (आदिवासी) जाति का फर्जी प्रमाणपत्र लगाया था। 29 अप्रैल 2022 को आईजी पीएसी ने फर्जी प्रमाणपत्र लगाए जाने की सूचना पर जांच कराई थी तो फर्जीवाड़ा सामने आया था। इसके बाद उसको बर्खास्त किया गया था।
पीड़िता को शराब पिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप
सारनाथ थाना क्षेत्र की रहने वाली 40 वर्षीय एक महिला ने शिवपुर थाने की पुलिस को शुक्रवार को तहरीर दी। उसने पुलिस को बताया कि लेढ़ूपुर निवासी 42 वर्षीय एक युवक एक वर्ष पूर्व शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म के आरोप में जेल गया था। जमानत पर जेल से छूटने के बाद आरोपी उससे मिला और शादी का झांसा देकर अपने साथ घुमाने लगा।
गत 16 अक्तूबर को शराब पिलाकर चांदमारी क्षेत्र की वीडीए काॅलोनी स्थित अपने फ्लैट में उसके साथ दुष्कर्म किया। इस संबंध में शिवपुर थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि सारनाथ थाने से एक वर्ष पहले दुष्कर्म के मामले में आरोपी जेल जा चुका है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
वेंडरों को दी गई कार्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 अक्तूबर को काशी आगमन के दौरान पर्यटन स्थल सारनाथ में प्रो पुअर योजना के तहत सुंदरीकरण कार्य के उद्घाटन से पूर्व शुक्रवार को वीडीए ने 286 वेंडरों को कार्ट उपलब्ध कराया। जिसके तहत वीडीए के अधिशासी अभियंता अरविंद शर्मा के नेतृत्व में सारनाथ के धर्मपाल मार्ग, मुनारी मार्ग रेलवे स्टेशन मार्ग के लिए फूड कार्ट 27, पैकिंग के समान के लिए 133, हैंडीक्राफ्ट के 126 कार्ट उपलब्ध कराए गए।
आईआईटी बीएचयू में कार्यशाला
असि नदी का डीपीआर बनवाने से पूर्व वीडीए की कार्यशाला शुक्रवार को बीएचयू आईआईटी में हुई। इसमें नदी के पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखकर इसके पुरातन विरासत को लौटाने पर चर्चा की गई। इस नदी को पुनजीर्वित करने के लिए वीडीए और आईआईटी बीएचयू के बीच समझौता हुआ था। वीडीए से नगर नियोजक प्रभात कुमार, अधीक्षण अभियंता अजय पवार, सहायक अभियंता शिवाजी मिश्रा, आईआईटी प्रोफेसर पीके सिंह मौजूद रहे।
ट्रेवल मार्ट में भाग लेगा एमपी टूरिज्म बोर्ड
दीनदयाल हस्तकला संकुल में 17 से 19 अक्तूबर तक आयोजित होने जा रहे इंडिया ट्रेवल मार्ट (आईटीएम) में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड विशेष सहभागिता कर रहा है। मध्यप्रदेश पर्यटन क्षेत्र के पांच प्रमुख हितधारक भी इस मार्ट में भाग ले रहे हैं। म.प्र. टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि मध्यप्रदेश में पर्यटन क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।
इंडिया ट्रेवल मार्ट जैसे आयोजनों में हमारी भागीदारी हमारे पर्यटन उत्पादों और सुविधाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करती है। महाकाल एक्सप्रेस ने काशी और उज्जैन को सीधे जोड़ने का एक महत्वपूर्ण कार्य किया है, जिससे अब यात्री उज्जैन से इंदौर और ओंकारेश्वर के दर्शन कर सकते हैं।
मुकुट पूजन के साथ चांदपुर की रामलीला शुरू
मुकुट पूजन के साथ ही चांदपुर चौराहे की रामलीला शुक्रवार से आरंभ हो गई। इस दौरान नारद मोह, रावण जन्म, क्षीरसागर की झांकी सजाई गई। इस दौरान आरडी यादव, रामाश्रय पाल, अनिल पटेल, विजय यादव, सुजीत गुप्ता, गोपाल सोनकर मौजूद रहे। वहीं, दूसरी ओर मणिकर्णिका घाट पर होने वाली रामलीला में रावण जन्म और क्षीर सागर की झांकी सजाई गई।
भाजपा ने चलाया स्वच्छता अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के पूर्व भाजपा ने स्वच्छता अभियान चलाया। तीन दिवसीय स्वच्छता अभियान की शुरुआत शुक्रवार को हुई। इसमें जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। भाजपा क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने वाराणसी महानगर के चांदपुर चौराहे पर एवं हनुमान मंदिर के प्रांगण में कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर स्वच्छता की। जिला व महानगर के प्रभारी अरुण पाठक ने मलदहिया स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा को स्वच्छ पानी से साफ किया। जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कंचनपुर में साफ सफाई की।
गायिका इंद्राणी ने अपने गुरु को दी संगीतांजलि
बीएचयू के संगीत एवं मंच कला संकाय में पूर्व आचार्य नाद शिरोमणि पंडित छोटेलाल मिश्र की पुण्यतिथि मनाई गई। वे काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ताल विभाग के पूर्व आचार्य थे। शुक्रवार को पंडित ओमकारनाथ ठाकुर सभागार में संगीतांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कोलकाता से आईं गायिका इंद्राणी मुखर्जी ने राग भीमपलासी से संगीतांजलि अर्पित की। इनके साथ तबले पर पंडित कुबेरनाथ मिश्र और हारमोनियम पर दिल्ली से आए डॉ. विनय मिश्रा ने सुंदर संगत प्रदान की।
दूसरी कड़ी में पंडित छोटेलाल मिश्र के शिष्य पंडित अनोखेलाल के दौहित्र, पंडित रामकुमार मिश्र का स्वतंत्र तबला वादन हुआ। तीन ताल में परंपरागत उठान, कायदा, चलन, रेला और गत फर्दों के साथ-साथ बीच-बीच में पंजाब ,फर्रुखाबाद, लखनऊ और दिल्ली घराने की कला का भी प्रदर्शन किया।
डांडिया में दिखा गुजरात और काशी का संगम
काशी महिला संगठन ने शुक्रवार को ककरमत्ता स्थित एक होटल में करवा चौथ के उपलक्ष्य में डांडिया कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जहां सभी महिलाओं ने पारंपरिक वेषभूषा में गरबा नृत्य किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. अनुपमा राय ने कहा कि ये कार्यक्रम काशी और गुजरात की संस्कृति का एक संगम है, जहां महिलाओं ने नृत्य के साथ महिला सशक्तीकरण की भी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन अंजली तिवारी, स्वाति सिंह, रश्मी सोनी और मधुमिता राय ने किया। इस कार्यक्रम में रूतु राय, नीतू सिंह, अर्चना, शैलजा, अर्पिता, स्मिता सिंह, डॉ श्वेता राय मौजूद रहीं।
जो भक्तों के पापों को हरण कर लेते हैं वही हैं हरि
वाराणसी। वृंदावन से पधारे भागवत मर्मज्ञ डॉ. संजय कृष्ण सलिल ने कहा कि जीवात्मा का परमात्मा से मिलन ही रासलीला है। उन्होंने कहा कि जो जीव अपने समस्त योनियों में उस रास रस का पान करे वही गोपी है। जो भक्तों के पापों को हरण कर लेते हैं वही हरि हैं। शुक्रवार को श्रीहनुमान प्रसाद पोद्दार अंधविद्यालय दुर्गाकुंड में चल रहे सप्ताहव्यापी श्रीमद्भागवत कथा के छठवें दिन रासलीला रुक्मिणी सहित कई प्रसंगों की व्याख्या कर रहे थे। व्यासपीठ का पूजन आरती मनोज गर्ग व शिखा गर्ग ने किया। इस अवसर पर अखिलेश खेमका, नीरज दुबे, रवि, विजय मौजूद रहे।
नक्कटैया में होंगे युद्ध, प्रदूषण और रोपवे के लाग विमान
काशी के लक्खा मेले में शुमार चेतगंज की नक्कटैया में सौ से अधिक लाग विमान निकलेंगे। 138वें साल निकलने वाली शोभायात्रा में विश्व में चल रहे युद्ध, पर्यावरण प्रदूषण और रोपवे की झांकी खास आकर्षण का केंद्र रहेगी। 20 अक्तूबर को निकलने वाली शोभायात्रा में पूर्वांचल के कई जिलों से लाग विमान शामिल होंगे।
श्री चेतगंज रामलीला समिति के अध्यक्ष अजय गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि चेतगंज की विश्व प्रसिद्ध नक्कटैया प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी करवा चौथ के दिन आयोजित की जाएगी। श्री चेतगंज रामलीला समिति अपने 138वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। मेले का उद्घाटन पुलिस कमिश्नर व जिलाधिकारी के हाथों से रात्रि में 12 बजे चेतगंज थाने के पास से किया जाएगा।
इसके बाद मेले में शामिल लाग विमान अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए गंतव्य तक पहुंचेंगे। इस वर्ष मेले में सौ से अधिक लाग विमान पूर्वांचल, मध्यप्रदेश, मेजा, प्रयागराज क्षेत्रों से शामिल होंगे। इस दौरान वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र गिरी महाराज, राजू यादव, उपाध्यक्ष तनुज पांडेय, शुभम सेठ गोलू, रजत श्रीवास्तव मौजूद रहे।
महिलाओं ने दीपावली, करवा चौथ की खरीदारी की, लगवाई मेहंदी
मारवाड़ी महिला संगठन की ओर से शुक्रवार को लक्सा स्थित मारवाड़ी युवक संघ भवन में अभिनंदन करवाचौथ और दीपावली मेले में महिलाओं ने करवा चौथ व दीपावली पर पूजन सहित कपड़े और शृंगार की सामग्री खरीदीं। साथ ही निशुल्क मेहंदी भी लगवाईं।
मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि समाजसेवी शोभा सिंधी, विशिष्ट अतिथि ऊषा केजरीवाल, संस्था की अध्यक्ष कविता भालोटिया, सचिव श्रद्धा अग्रवाल ने किया। दीया, सजावटी सामान, कपड़े, ज्वेलरी की कुल 40 स्टाल लगे थे। महिलाओं ने फैंसी सूट, हैंडीक्राफ्ट चादर के अलावा होम फर्निशिंग की भी खरीदारी की। लकी ड्रा लता सिंह मंजू तुलस्यान, कुसुम अग्रवाल ने निकाला। विजेताओं को उपहार दिए गए। इस मौके पर प्रीति, मधु, श्वेता, सुजाता बाजोरिया, शांति रुंगटा मौजूद रहीं।
भागवत कथा से दूर होता है संशय, मिलती है शांति
साध्वी निष्ठा ने कहा कि भागवत कथा से मन का शुद्धिकरण होता है। इससे संशय दूर होता है और शांति व मुक्ति मिलती है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोपियों के घरों से माखन चोरी की। इस घटना के पीछे भी आध्यात्मिक रहस्य है। दूध का सार तत्व माखन है। उन्होंने गोपियों के घर से केवल माखन चुराया अर्थात सार तत्व को ग्रहण किया और असार को छोड़ दिया।
वह शुक्रवार को कोशलेश नगर नागरिक समिति और श्रीमद्भागवत कथा समिति की ओर से कोशलेश नगर पार्क में चल रहे भागवतकथा के छठवें दिन प्रवचन कर रही थीं। साध्वी ने कहा श्रीकृष्ण केवल ग्वाल-बालों के सखा भर नहीं थे, बल्कि उन्हें दीक्षित करने वाले जगद्गुरु भी थे। श्रीकृष्ण ने उनकी आत्मा का जागरण किया और फिर आत्मिक स्तर पर स्थित रहकर सुंदर जीवन जीने का अनूठा पाठ पढ़ाया। भागवत के प्रसंगों को सुनकर कथा प्रेमी भाव से भर गए। अवध रत्न से सम्मानित गायक मोहन शास्त्री ने जहां गली गली गूंजे राम राम, चल मेरे मनवा अवध पुर धाम रे...की प्रस्तुति दी।
कथा यजमान डॉ. आनंद मिश्रा नूतन और सत्या मिश्रा ने कथा वाचिका साध्वी निष्ठा का तिलक कर व्यास पीठ का पूजन किया । इस दौरान एसीजेएम बरेली अविनाश मिश्रा, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह मौजूद रहे। प्रसाद वितरण सुनील यादव मुन्ना ने कराया। संयोजक वरुण सिंह, अशोक पटेल और प्रमील पांडेय ने स्वागत किया।
प्रह्लाद घाट पर मिली मिली युवक की लाश
आदमपुर क्षेत्र के प्रह्लाद घाट पर शनिवार को गंगा नदी में एक युवक की लाश बहते हुए देख कर लोगों ने पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस नाविकों की मदद से लाश कब्जे में लेकर घाट किनारे लाई। मृतक युवक की उम्र करीब 40 वर्ष थी और वह केवल काले रंग का पैंट पहने हुए था। पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान नहीं हो पाई है। आदमपुर पुलिस आसपास के थानों के साथ डीसीआरपी के जरिए युवक के पहचान की कोशिश कर रही है।
बिहार से आया युवक गायघाट पर डूबा
कोतवाली थाना अन्तर्गत गाय घाट पर गंगा स्नान के दौरान शनिवार को एक युवक डूब गया। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 11 एनडीआरएफ और निजी गोताखोरों के साथ मिल कर शाम करीब 6:00 बजे युवक के शव को ढूंढ कर पानी से बाहर निकाला। मृतक की पहचान बिहार निवासी प्रकाश राज (22) के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रकाश राज मूल रूप से बिहार के पुरानी बाजार भसौंनी (पटना) का निवासी था। वह अपनी मां शांति देवी बहन प्रभा के साथ काशी आया था। दोपहर सभी गायघाट गए थें। नहाने के दौरान प्रकाश राज गहरे पानी में चला गया और तैरना नहीं आने के कारण डूबने लगा। मौके पर मौजूद परिजनों ने शोर मचाया, लेकिन घाट पर मौजूद लोग जबतक प्रकाश राज को बचाने की कोशिश करते तबतक वह पानी में समा गया।