नीट में धांधली के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने लाल बहादुर शास्त्री वरुणा पुल पर प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व कर रहे चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि लाखों बच्चों के सपनों पर संकट छाया है। नीट परीक्षा के मामले में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की साख नहीं रही है।
परीक्षा में हुई गड़बड़ी को लेकर केंद्र सरकार का संवेदनहीन रवैया बेहद निंदनीय है। कई राज्यों से हुई गिरफ्तारियां साफ बता रहीं हैं कि इस परीक्षा में बड़ी धांधली हुई है। लाखों छात्र व उनके अभिभावक जो अथक परिश्रम कर परीक्षा की तैयारी करते हैं, उनके सपनों और भविष्य के समक्ष संकट खड़ा हो गया है।
सपा सांसद ने भाजपा पर तंज कसते हुए इस पूरे मामले में गुजरात कनेक्शन और खुलेआम भ्रष्टाचार का जिक्र किया। प्रदर्शन में एमएलसी आशुतोष सिन्हा, प्रदेश महासचिव सयुस किशन दीक्षित, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, महानगर अध्यक्ष लोहिया वाहिनी संदीप मिश्र, महानगर अध्यक्ष सयुस राहुल गुप्ता आदि रहे।
सपा मुक्त हुई नगर निगम की कार्यकारिणी
कार्यकाल समाप्त होने के बाद गुरुवार को लाटरी के जरिए नगर निगम कार्यकारिणी से छह सदस्यों को बाहर किया गया। इसी के साथ नगर निगम की कार्यकारिणी सपा मुक्त हो गई है। मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा की देखरेख में पर्ची निकाली गई।
मेयर ने पर्ची निकाली तो सपा केदो सदस्यों में हारून अंसारी (पार्षद लल्लापुरा वार्ड) और प्रमोद राय (पार्षद धूपचंडी वार्ड) रिटायर हुए। इनके अलावा भाजपा के उपसभापति सुरेश चौरसिया (पार्षद कृतिवाश्वेश्वर वार्ड) के अलावा सिंधु लाल सोनकर (पार्षद सिगरा वार्ड), राजेश यादव (पार्षद नई बस्ती वार्ड), कुसुम (पार्षद सरसौली वार्ड) सेवानिवृत्त किया गया।
मेयर की घोषणा : 30 सितंबर तक गृहकर में मिलेगी 10 प्रतिशत की छूट
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कार्यकारिणी समिति से पारित कर गृहकर में 10 प्रतिशत छूट की घोषणा की। यह छूट एक अप्रैल से 30 सितंबर तक दी जाएगी। नगर निगम की ओर से हर साल अप्रैल से जून माह में मिलने वाले गृहकर में 10 प्रतिशत की छूट चुनाव आचार संहिता के चलते नहीं मिली थी। जिन भवन स्वामियों ने एक अप्रैल से 20 जून तक के बीच में अपना गृहकर जमा किया है।
उनकी छूट का समायोजन अगले वित्तीय वर्ष के गृहकर में बिल में किया जाएगा। यानी अगली बार गृहकर में 10 प्रतिशत की छूट देने के बाद बिल जारी किया जाएगा। इस आदेश के पारित होते ही नगर निगम के कंप्यूटर सेल ने छूट देने के संबंध में सॉफ्टवेयर में संशोधन कर लिया गया है।
नगर निगम के कंप्यूटर कोआर्डिनेटर और पीआरओ संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि शहर नगर निगम में भवनों की संख्या 2.25 लाख है। इस योजना का लाभ सभी भवन स्वामियों को इस वित्तीय वर्ष के गृहकर पर मिलेगा। पुराने गृहकर पर यह योजना लागू नहीं है।
काशी विद्यापीठ में प्रो. मो. आरिफ बने राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में प्रो. मोहम्मद आरिफ को राजनीति विज्ञान विभाग का विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रो. आरिफ ने नए अध्यक्ष के रूप में बृहस्पतिवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। इनका कार्यकाल तीन साल का होगा। प्रो. आरिफ इससे पहले भी वर्ष 2018 से 2021 तक विभागाध्यक्ष रह चुके हैं। विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. नंदलाल, प्रो. सतीश कुमार, प्रो. सूर्यभान प्रसाद, प्रो. ब्रजेश कुमार सिंह, प्रो. राजीव कुमार ने बधाई दी है।
रोजगार मेला 22 को
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय चौकाघाट में 22 जून को सुबह 11 बजे से रोजगार मेला लगेगा। मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि मेले में हाईस्कूल, स्नातक, इंटर, आईटीआई, डिप्लोमा के अभ्यर्थी बायोडाटा के साथ मेले में भाग ले सकते हैं। वे rojgaarsangam.up.gov.in पोर्टल पर पंजीयन करवा लें। मेले में 10 कंपनियां भाग लेंगी।
बड़ागांव में चेकडैम बनाने के निर्देश
विकास भवन सभागार में गुरुवार को सीडीओ हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में एक हेक्टेयर या उससे बड़े तालाब और चेकडैम बनाने के संबंध में बैठक हुई। सीडीओ ने विकासखंड बड़ागांव में चेकडैम तैयार करने के निर्देश दिए।
आइस क्वीन ने बनारसियों को खिलाई वीगन आईसक्रीम
बनारसियों को वीगन आईसक्रीम खिलाती आइस क्वीन।
- फोटो : अमर उजाला
पीपल फॅार द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स (पीटा) इंडिया की ओर से बृहस्पतिवार को गोदौलिया चौराहे पर लोगों को वीगन आइसक्रीम खिलाकर जानवरों के प्रति करुणा भाव रखने और डेयरी मुक्त व्यंजनों के सेवन के लिए प्रोत्साहित किया गया।
संस्था की एक समर्थक ने आइस क्वीन की पोशाक पहन लोगों में आइसक्रीम बांटी। संस्था की तरफ से किरण आहूजा ने बताया कि सभी जानवरों के अधिकारों की रक्षा के लिए पीटा एक राष्ट्रीय संस्था है। उन्होंने कहा कि पशु हमारा भोजन बनने के लिए नहीं है। हमारे स्वाद के लिए जानवरों का शोषण किया जाता है। इसलिए किसी भी उत्पाद का सेवन करने से पहले हमें यह जानना चाहिए कि हमारा भोजन कहां से आ रहा है।
हर वीगन उत्पाद स्वादिष्ट होता है। पीटा इंडिया अपने अभियान के जरिये जनता को पशुओं और हमारे पर्यावरण एवं स्वास्थ के हित में क्रूरता-मुक्त वीगन आइसक्रीम अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है।
खुला पड़ा है नाला, सड़क किनारे पड़ा सिल्ट
चांदपुर में एक स्थान पर पड़ा शिल्ट।
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के चांदपुर चौराहे पर सीवर से निकले सिल्ट सड़क किनारे पड़े होने से राहगीरों को दिक्कत हो रही है। नाला खुला होने से भी हादसा होने का डर बना हुआ है। क्योंकि यहां पर आने-जाने वालों की काफी भीड़ होती है।
नगर निगम बरसात की तैयारियों के लेकर युद्ध स्तर पर जुटा हुआ है। कहीं भी जलभराव न हो, इसके लिए नालों की सफाई की जा रही है, लेकिन चांदपुर चौराहे पर नाले की सफाई के बाद सिल्ट को सड़क किनारे ही छोड़ दिया गया है। इससे दुर्गंध के साथ आने-जाने में लोगों को परेशानी हो रही है। इस नाले के दूर तक ढक्कन ही नहीं लगा है।
मढ़ौली फीडर से शुक्रवार को दो घंटे बाधित रहेगी आपूर्ति
वाराणसी के लोहता उपकेंद्र से संबंधित मडौली फीडर से संबंधित क्षेत्र में शुक्रवार को पेड़ों की कटाई और जर्जर तारों बदलने के लिए क्षेत्र में दो घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। एसडीओ रवि आनंद ने बताया कि शुक्रवार को सुबह 7 से 10 बजे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस वजह से मडौली, चुरामनपुर बगीचा, राष्ट्रीय बीज अनुसंधान केंद्र और आसपास के क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रहे।
नगर निगम मनाएगा दशम योग दिवस
नगर निगम की ओर से दशम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। मेयर अशोक कुमार तिवारी केनेतृत्व में योग दिवस नगर निगम कार्यालय के सामने शहीद उद्यान में शुक्रवार की सुबह 6 से 7 बजे तक मनाया आयोजित किया जाएगा। इसमें नगर निगम के सभी अधिकारी, कर्मचारी, पार्षद और आम लोग शमिल होंगे।
कूड़ा फेंकने पर संबंधित अधिकारी को मिलेगा नोटिस
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने गुरुवार को कंचनपुर मार्ग के नाले और कंदवा वार्ड में विश्वकर्मा नगर होते हुए विवेकानंदपुरम कॉलोनी जाने वाले नाले की सफाई कार्य का निरीक्षण किया। इंदिरा नगर कॉलोनी में सनबीम स्कूल होते हुए केदारपुरा तक जाने वाले नाले का डिसिल्टिंग कार्य पूरा नहीं था। नाले में कूड़ा भरा था।
यहां पर क्षेत्रीय जनता ने बताया कि सनबीम स्कूल की ओर से बहुत कूड़ा नाले में फेंका जाता है। मेयर ने संबंधित अधिकारी को नोटिस देने और तत्काल सफाई कराने को कहा। इसके बाद कंदवा स्थित विश्वकर्मा नगर से होते हुए विवेकानंदपुरी कॉलोनी जाने नाले का निरीक्षण किया। जो कि कच्चा नाला हैं। जहां डिसिल्टिंग कार्य नहीं हुआ था।
मेयर ने संबंधित अधिकारी को डिसिल्टिंग कार्य कराने और कच्चे नाले को पक्का बनाने का प्रस्ताव बनाने की जिम्मेदारी दी। निरीक्षण के दौरान पार्षद श्याम भूषण शर्मा, सुरेश पटेल, पूर्व पार्षद विनीत सिंह आदि मौजूद रहे।
हरगोविंद का प्रकाश पर्व कल, अखंड पाठ शुरू
सिख पंथ के आठवें गुरु हरगोविंद सिंह का 429वां प्रकाशोत्सव 22 जून को नीचीबाग स्थित गुरुद्वारा में मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में बृहस्पतिवार को अखंड पाठ साहिब की शुरुआत हुई। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने बताया कि प्रकाशोत्सव पर सुबह नीतनेम, नाम सिमरन, श्रीसुखमणि साहिब जी का पाठ होगा।
इसके बाद सुबह सात बजे अखंड पाठ होगा। अखंड पाठ के समापन के बाद दीवान सजेगा। इसमें नीचीबाग गुरुद्वारे के रागी जत्था रकम सिंह और गुरुबाग गुरुद्वारे के नरेंद्र सिंह सबद कीर्तन से संगत को निहाल करेंगे। ग्रंथी गुरु हरगोविंद सिंह के जीवन पर प्रकाश डालेंगे।
खिलाड़ियों ने योग कर दिया संदेश
योग दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को परमानंदपुर में खिलाड़ियों ने योग कर लोगों को प्रेरित किया। खिलाड़ियों और शिक्षकों ने करीब डेढ़ घंटे तक योग किया। इसमें 800 से ज्यादा छात्र-छात्राओं साथ खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
अविमुक्तेश्वरानंद ने बैंक को भेजा लीगल नोटिस
ज्योतिर्मठ के खाते को फ्रीज करने के मामले में अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की ओर से बैंक को लीगल नोटिस भेजा गया है। उनके मठ के खातों को बिना उन्हें कारण बताने का अवसर दिए फ्रीज कर दिया गया था। इसके लिए गोविंदानंद सरस्वती एवं दोनों बैंकों के तीनों शाखा प्रबंधकों समेत उनके प्रबंध निदेशकों को सर्वोच्च न्यायालय के एडवोकेट अंजनी कुमार मिश्र ने कानूनी नोटिस दिया है।
काशी लीडरशिप एक्सीलेंस अवाॅर्ड 23 को
जेसीज चैरिटेबल ट्रस्ट और जेसीआई काशी की ओर से काशी लीडरशिप एक्सीलेंस अवाॅर्ड के द्वितीय संस्करण का आयोजन 23 जून रविवार को कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में किया गया है। इस दौरान सात लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मान होगा।
कैंटोनमेंट स्थित एक होटल में आयोजित बैठक में पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारी पर चर्चा की। ट्रस्ट के चेयरमैन अनिल रस्तोगी ने कहा कि कि जिम्मेदार समाज के निर्माण के लिए एक-एक व्यक्ति तक सकारात्मक लीडरशिप की अवधारणा को पहुंचाना जरूरी है।
कार्यक्रम में खेल, ललित कला, कला व संस्कृति, ग्राफिक डिजाइनिंग, साहित्य और नृत्य के क्षेत्र में विशिष्ट सेवा के लिए सम्मान मिलेगा। अतिथि के तौर पर एडीजी पुलिस पीयूष मोर्डिया और डॉ. रजनीकांत होंगे। बैठक में शोभित अग्रवाल, अनिल जाजोदिया, ललित लड्ढा, राजेश सोनी, मयंक अग्रवाल, पंकज अग्रवाल आदि रहे।
ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य का चातुर्मास इस बार दिल्ली में
ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगदगुरु शंकराचार्य स्वामि अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज का 22वां चातुर्मास्य व्रत महामहोत्सव इस बार दिल्ली में आयोजित होगा। 21 जुलाई से 18 सितंबर तक होने वाले चातुर्मास में विविध धार्मिक अनुष्ठान सहित गो संसद और श्री विद्या साधना शिविर का आयोजन होंगे। यह जानकारी मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने दी।
उन्होंने बताया कि इस बार दिल्ली व आसपास के क्षेत्रों के भक्त चातुर्मास्य व्रत महामहोत्सव पर्यन्त जगदगुरु शंकराचार्य महाराज का दर्शन-पूजन करने के साथ भिक्षा-वंदन आयोजित कर अनंत अक्षय पुण्य के भागी बन सकते हैं। समस्त आयोजन नरसिंह सेवा सदन में होंगे।
करंट की चपेट में आने से मवेशी की मौत, दो घंटे बत्ती गुल
मिर्जामुराद के बेनीपुर गांव में गुरुवार सुबह करंट की चपेट में आने से मवेशी की मौत हो गई। लोगों ने आशंका जताई कि बिजली का तार टूटने से लोेहे के खंभे में करंट आ गया होगा। पशुपालक भूगर पाल की गाय घर के बाहर खंभे के पास बंधी थी। अचानक खंभे में उतरे करंट की चपेट में गाय आ गई। ग्रामीणों ने बिजली निगम को सूचना दी। मौके पर पहुंचे बिजली कर्मियों ने तार को ठीक किया। तार टूटने की वजह से क्षेत्र में दो घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही।
घरेलू कलह से परेशान बुजुर्ग ट्रेन के सामने कूदा, इलाज के दौरान मौत
वाराणसी के कपसेठी थाना क्षेत्र के डीहर गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूद बुजुर्ग ने जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। बनकट गांव निवासी त्रिभुवन सिंह (68) घरेलू कलह से परेशान होकर डीहर गांव स्थित रेलवे ट्रैक पर लेट गए। यह देख ग्रामीणों ने उन्हें समझाते हुए ट्रैक से हटाया।
ट्रैक किनारे ग्रामीण त्रिभुवन सिंह को समझाने का प्रयास कर रहे थे कि तब जनता एक्सप्रेस को पास आते देख त्रिभुवन सभी को धक्का देकर ट्रेन के सामने कूद गए। इस बीच ग्रामीणों ने त्रिभुवन सिंह को रेलवे ट्रैक से बाहर की ओर खींचा लेकिन ट्रेन जद में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने उन्हें घायल अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से पत्नी संजू सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। दो पुत्र और पांच पुत्री हैं।
भाई पर लगाया मारपीट कर घर से भगाने का आरोप
मारपीट कर घर से भगाने के मामले में बहन ने गुरुवार को भेलूपुर थाने में भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। सोनारपुरा निवासी पीड़िता रूपा जायसवाल के अनुसार, वह अपनी बेटी के साथ रहती हैं। पिता भगवानदास ने तीन बेटों के साथ बेटी को बराबर का हिस्सा दिया है। भाई सुग्रीव ने घर से मारपीट कर बेटी और उन्हें निकाल दिया। भेलूपुर पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बेटी को अगवा करने का दर्ज कराया मुकदमा
बेटी को अगवा करने के मामले में मां ने भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मां का आरोप है कि बेटी नाबालिग है, उसे चंदौली के इलिया थाना क्षेत्र के लेहरा खास निवासी सूरज 13 जून को अगवा कर ले गया। पहले भी वह ऐसा कर चुका है। उसके मां और पिता भी इसमें शामिल हैं।
डेबिट कार्ड बदलकर 5.35 लाख बैंक खाते से साफ
डेबिट कार्ड बदलकर युवक के खाते से जालसाजों ने 35 लाख 35 हजार रुपये साफ कर दिए। पीड़ित ने बृहस्पतिवार को रामनगर थाने में धोखाधड़ी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया। रामनगर थाना क्षेत्र के पड़ाव सूजाबाद निवासी ईश्वर चंद्र वर्मा ने बताया कि पत्नी उषा देवी की तबीयत खराब होने के कारण उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
पांच जून को रुपये निकालने के लिए पड़ाव कुष्ठ आश्रम के पास एटीएम पर पहुंचे। सर्वर डाउन होने के कारण वह पैसे नहीं निकाल सके। एक व्यक्ति ने मदद के बहाने कार्ड लिया और एटीएम से पांच हजार रुपये निकाल दिए। उस समय कुछ समझ नहीं आया। 11 जून को सुबह 8 बजे डेबिट कार्ड से पैसा निकालने के लिए एटीएम पहुंचा तो कार्ड ब्लॉक बताने लगा। बैंक जाने पर मालूम चला कि छह जून से 11 जून तक खाते से 5,35,320 रुपये निकाल लिए गए हैं।
प्रेमी के घर में प्रेमिका को घुसने पर परिजन भड़के
वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के मुर्दहा चौकी अंतर्गत एक गांव में प्रेमी और प्रेमिका की बीच का विवाद गुरुवार देर रात चर्चा का विषय बन गया। दोनों पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्ष को चोलापुर थाने लाकर विधि कार्रवाई में जुट गई।
चौकी प्रभारी ने बताया कि मुर्दहां क्षेत्र के रहने वाला एक व्यक्ति का दूसरे गांव की रहने वाली युवती के साथ 6 साल पहले प्रेम संबंध था। संबंध के बीच दोनों के मन मुटाव पर युवती ने अपने प्रेमी के विरुद्ध दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था।
आरोपी युवक सजा काटने के बाद घर लौटा। इधर उसकी प्रेमिका युवक के घर पहुंच कर अपने बच्चे को लेकर उसके घर में प्रवेश करने के लिए तीन दिन पहले धरने पर बैठ गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उसे समझाया. मामला हल नहीं हुआ तो युवती अपने बहनों के साथ दुष्कर्म पीड़ित युवक को पति मानकर उसके साथ रहने पर जिद करने लगी।
मामला बढ़ता गया। युवक के परिजनों का कहना था कि जब दुष्कर्म और दलित उत्पीड़न के संदर्भ में युवक प्रेमी जेल काट चुका है तो इसका निर्णय न्यायालय से होगा। न्यायालय के आदेश को मानना पड़ेगा। इधर प्रेमिका के प्रेमी के घर में घुसने को लेकर गुरुवार की रात दोनों पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई।
पैसा लेकर जमीन नहीं देने का लगाया आरोप
पैसा लेकर जमीन रजिस्ट्री नहीं करने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू की है। करसड़ा निवासी शिवशंकर राम चोपन के अनुसार, वह सोनभद्र के कृषि विभाग में नौकरी करते हैं। अमरा खैरा में जमीन लेने के लिए एक व्यक्ति को 13.70 लाख रुपये दिए थे। अब तक जमीन की रजिस्ट्री नहीं की और न ही पैसे लौटा रहा है।
गंगा में कूदी विवाहिता को नाविकों ने बचाया
राजघाट पुल से गुरुवार को छात्रा ने गंगा में छलांग लगा दी। नाविकों ने उसे बचा लिया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में परिजनों को सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने बताया कि कुछ माह से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। उसका इलाज चल रहा है।
बिहार कैमूर के मोहनिया निवासी छात्रा बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। सुबह ट्रेन पकड़कर काशी स्टेशन पहुंच गई। दोपहर में गंगा में छलांग लगा दी। तीन महीने पूर्व ही उसकी शादी हुई है। पुलिस ने बताया कि छात्रा काे उसके चाचा को सौंप दिया गया है।
चिकित्सक से लूट के मामले में तीन पर केस
सारनाथ क्षेत्र के दुर्गा भवानी छाहीं में चिकित्सक से मारपीट व लूट के मामले पुलिस ने गुरुवार को तीन नामजद व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। ब्यासपुर छाहीं निवासी अमित कुमार के अनुसार, उनके भाई डॉ. अनिल कुमार बुधवार रात दवाखाना बंद कर कार से घर लौट रहे थे।
छाहीं में फरीदपुर निवासी रामशंकर यादव उर्फ सलायम, दुर्गा भवानी छाहीं निवासी अशोक कुमार यादव व आशीष यादव सहित अज्ञात ने रोक लिया। कार से बाहर निकलने पर भाई को असलहे की मुठिया से मारा गया। सोने की चेन और अंगूठी लूट ली। आसपास के लोगों के जुटने पर हमलावर भाग निकले। पुलिस के अनुसार, गैर इरादतन हत्या के प्रयास, लूट समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम के हटते ही फिर से हुआ अतिक्रमण
सारनाथ क्षेत्र के पंचकोशी चौराहा से पुराना पुल पुलिस चौकी के दोनों तरफ सड़क पर सब्जी ठेला वालों ने कब्जा कर रखा है। गुरुवार शाम पुलिस टीम ने अतिक्रमण हटवाया। टीम के हटते ही फिर से ठेला वाले वहां पहुंच गए। शाम को सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने कार्रवाई की थी।
मीटर बाईपास कर बिजली का उपयोग कर रहे 13 के खिलाफ एफआईआर
वाराणसी के चौकाघाट उपकेंद्र से संबंधित अलग-अलग क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया गया। बिजली निगम के विजिलेंस विभाग द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान 13 लोगों पर बिजली चोरी और मीटर बाईपास कर एसी चलाने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया।
अधिशासी अभियंता नीरज पांडेय ने बताया कि हड़हासराय में मीटर बाईपास कर घर में एसी चलाया जा रहा था। मीटर बाइपास के मामले में आठ लोगों, जबकि कटियामारी कर बिजली चोरी कर रहे पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया गया। विजिलेंस विभाग ने लल्लापुरा, काली महाल, सराय फाटक, हड़हा सराय, बेनियाबाग क्षेत्र में सुबह अभियान चलाया।