बड़ागांव में दहेज उत्पीड़न और धोखाधड़ी के मामले में विवाहिता ने पति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। थाना क्षेत्र के दंडीपुर (खरावन) गांव निवासी सोनी पाल के अनुसार, उसकी शादी 2009 में जंसा थानाक्षेत्र के कपरफोड़वा गांव निवासी दयाराम पाल के पुत्र दिलीप पाल से हुई थी।
आरोप है कि पति, ससुर, सास, जेठ दहेज में तीन लाख रुपये और सोने की चेन की मांग करने लगे। विरोध करने पर बेटे समेत घर से निकाल दिया। आरोप है कि इस बीच पति ने चोरी से दूसरी भी शादी कर ली।
युवक का शव मिला, नाक से बह रहा था खून
रथयात्रा-सिगरा मार्ग पर बंद हो चुके नटराज सिनेमा हाल के समीप मंगलवार की रात एक युवक का शव मिला। उसके नाक से खून बह रहा था और समीप ही बड़ा सा पत्थर पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों ने युवक के नाक से खून बहते हुए और समीप ही बड़ा सा पत्थर पड़ा देखकर उसकी हत्या की आशंका जताते हुए सिगरा थाने की पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक की पहचान नहीं करा सकी। सिगरा थानाध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि अनुसार युवक की उम्र लगभग 45 वर्ष है। शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
ईवीएम को लेकर अफवाह फैलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज
जिला निर्वाचन कार्यालय के ईवीएम पटल सहायक पीके पाल की तहरीर पर कैंट थाने में ईवीएम को लेकर अफवाह फैलाने के आरोप में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पीके पाल के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक भ्रामक पोस्ट की गई है।
उसका शीर्षक नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में किया बड़ा चमत्कार है। ऐसा कर लोकसभा सामान्य निर्वाचन से संबंधित बिना किसी आधार के पोस्ट कर झूठ और भ्रम फैलाने के साथ ही एक संविधानिक संस्था और प्रक्रिया के विरुद्ध जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया है।
खंड़जा विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट, तीन घायल
बड़ागांव थाना क्षेत्र के महदेपुर गांव में मंगलवार को खंड़जे के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
रिंकी सिंह का आरोप है कि सुबह खंड़जा की सफाई कर रही थी कि इस बीच पड़ोसी नागेंद्र सिंह, चंद्रशेखर, विनय व ऊषा सिंह ने उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव में आए विरेंद्र सिंह की भी पिटाई की। नागेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि रिंकी सिंह खंड़जे पर गंदगी फैला रही थी, जब मना किया गया तो सभी टूट पड़े।
घर में घुसकर मारपीट मामले में अग्रिम जमानत
प्रभारी सत्र न्यायाधीश अभय कृष्ण तिवारी की अदालत ने रास्ते के विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट करने के आरोपी की अग्रिम जमानत मंजूर कर ली। आरोपी हरहुआ के कोईराजपुर निवासी अशोक कुमार सिंह को गिरफ्तार किए जाने की दशा में 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया है।
वाहन की चपेट में आने से महिला की मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के डुबकियां बाजार में सोमवार देर शाम वाहन की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई। चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वाराणसी-गाजीपुर राजमार्ग के डुबकिया बाजार में सड़क पार करते समय महिला तेज रफ्तार चार पहिया की चपेट में आ गई।
महिला को लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक विद्या शंकर शुक्ला ने महिला नीले रंग की छींटदार साड़ी पहनी है। शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। वाहन के बारे में भी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
अवैध असलहा के साथ थाने का हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार
चोलापुर थाने के हिस्ट्रीशीटर को मंगलवार को पुलिस ने अवैध असलहा और कारतूस रखने के आरोप में गिरफ्तार किया। कपिसा मोड़ से गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर स्वतंत्र सिंह उर्फ ताड़क के कब्जे से .312 बोर का तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। तराव गांव निवासी स्वतंत्र पर पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
दुर्गा माता मंदिर में चोरी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव में दुर्गा माता मंदिर में मंगलवार रात मां के सोने-चांदी के आभूषण और दो दानपेटी तोड़कर चोरी की गई। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि सुबह जब महिलाएं पूजा पाठ करने पहुंचीं तो देखा कि मां का सोने का मुखौटा, चांदी के पायल, मंगलसूत्र समेत अन्य आभूषण नहीं थे। बाहर दो दान पेटिका का ताला भी टूटा हुआ था।
वाराणसी के सारनाथ के सारंगनाथ महादेव मंदिर के तालाब में 15 किलो मछलियां मरी मिलीं। लोगों ने उन्हें तालाब से निकाला। स्थानीय निवासी राधेश्याम ने बताया कि सोमवार को दो मरी हुई मछलियां पानी के ऊपर तैरती दिखी थीं। मंगलवार को 15 किलो मरी मछलियोंं को तालाब से बाहर किया।
तालाब के पानी से बदबू आ रही थी। आशंका है कि ऑक्सीजन की कमी से ऐसा हुआ है। नगर निगम को सूचना दे दी है। निगम कर्मियों ने आकर तालाब से और भी मछलियां निकालीं। साथ ही तालाब के पानी में चूने का छिड़काव किया। उधर, बरेका के सूर्य सरोवर में भी मंगलवार को मछलियां मरी मिलीं।
निजी हॉस्पिटल के डॉक्टर की गिरफ्तारी की सूचना हुई वायरल
आयुष कॉलेजों में प्रवेश में फर्जीवाड़े के मामले में भिखारीपुर के एक निजी हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर को एमएलसी के घर से एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार करने की सूचना मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुई। हालांकि, इस संबंध में एसटीएफ की वाराणसी और लखनऊ इकाई के अफसरों से पूछे जाने पर कुछ स्पष्ट नहीं हो सका।
982 अभ्यर्थियों का दाखिला नीट में सफल हुए बगैर आयुष कॉलेजों में कराने के मामले में चार नवंबर 2022 को लखनऊ के हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच एसटीएफ की लखनऊ इकाई कर रही है।
एसटीएफ की लखनऊ इकाई की टीम शनिवार और रविवार को शहर में थी। भिखारीपुर क्षेत्र के एक निजी हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर से टीम पूछताछ करने गई तो वह नहीं मिला। इस पर एसटीएफ ने डॉक्टर के हॉस्पिटल के कर्मचारियों से पूछताछ की और फिर चुनार क्षेत्र के कॉलेज का मुआयना किया।
सीबीएसई स्कूलों में विद्यार्थियों को फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की ट्रेनिंग दी जाएगी। इससे विद्यार्थी आगे चलकर इस फील्ड में भी अपना कैरियर बना सकेंगे। सीबीएसई की सिटी को-ऑर्डिनेटर गुरदीप कौर ने बताया कि कई स्कूलों में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अन्य एक्टिविटी में शामिल किया जा रहा है।
इससे विद्यार्थियों के लिए कई रास्ते खुल जाते हैं। विद्यार्थियों को ट्रेनिंग के समय कैमरे का प्रकार, कैमरा पकड़ने के तरीके, लाइटों की जानकारी और वीडियो बनाने तरीके बताए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 12वीं के बाद विद्यार्थियों को फील्ड का चयन करने में दिक्कत आती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की दूसरी एक्टिविटी भी कराई जा रही है।
जिला सैनिक बंधु की बैठक 22 को, 20 तक मांगे आवेदन
डीएम की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु की बैठक 22 जून को दिन में 12 बजे जिला राइफल क्लब कचहरी में होगी। समस्याओं से संबंधित आवेदन 20 जून तक जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में जमा कराएं।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ने समस्त भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों, दिवंगत सैनिकों की पत्नियों को बताया है कि अपनी समस्याओं के साथ 20 जून तक कार्यालय जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास वाराणसी में आकर अपना आवेदन पत्र दो प्रति में जमा कर दें।
शोधार्थी मानवी टंडन का टेक्सास विश्वविद्यालय में चयन
बीएचयू स्थित कला संकाय के अंग्रेजी विभाग की शोधार्थी मानवी टंडन का सत्र 2024-25 के लिए फुलब्राइट फॉरेन लैंग्वेज टीचिंग असिस्टेंट शिप के लिए चयन किया गया है। डॉ. राहुल चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में मानवी शोध कर रही हैं। वह फुलब्राइट एफएलटीए कार्यक्रम के तहत टेक्सास विश्वविद्यालय ऑस्टिन अमेरिका में अपने शोध के संबंध में कार्य करेंगी। साथ ही भारतीय भाषाओं के अध्यापन की गतिविधियों में सहयोग करेंगी।
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय में पीएचडी प्रवेश के द्वितीय चरण का आवेदन पत्र 29 जून तक जमा कर सकते है। संकायाध्यक्ष प्रो. आशुतोष कुमार ने बताया कि भूगोल, भौतिक विज्ञान, गृह विज्ञान, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान एवं जंतु विज्ञान विभाग के अभ्यर्थी को पीएचडी प्रवेश 2024 के द्वितीय चरण का आवेदन पत्र के साथ समस्त शैक्षणिक दस्तावेज की स्वप्रमाणित छायाप्रति 29 जून तक जमा करना है। साथ ही फीस रसीद की छायाप्रति भी जमा करना अनिवार्य है।
छपरा-पनवेल स्पेशल ट्रेन 22 जून से चलेगी
गर्मी में भीड़ को देख छपरा-पनवेल स्पेशल ट्रेन का संचालन 22 से 30 जून तक किया जा रहा है। चार फेरों में चलने वाली ट्रेन कैंट पर भी ठहरेगी। सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा के अनुसार, ट्रेन संख्या 05197 छपरा से शनिवार दोपहर 1.15 बजे खुलेगी और रविवार रात 8.30 बजे पनवेल स्टेशन पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 05198 पनवेल स्टेशन से रविवार रात 9.40 बजे खुलेगी और मंगलवार सुबह 9.45 बजे छपरा पहुंचेगी। इस ट्रेन में थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल कोच है।
निर्जला एकादशी का व्रत रख भगवान विष्णु की पूजा की
ज्येष्ठ मास शुक्ल पक्ष की निर्जला एकादशी का व्रत श्रद्धालुओं ने मंगलवार को सात साल बाद पंच योग और स्वाति नक्षत्र में रखा। दिनभर निराजल व्रत रखकर भगवान विष्णु की पूजा की। विष्णु मंदिरों में पूजन-अर्चन किया। उधर, सुबह गंगा में स्नान ध्यान कर दान पुण्य किया।
सालभर 24 एकादशियों में श्रेष्ठ भीमसेनी, पांडव नाम से भी प्रचलित निर्जला एकादशी का व्रत सोमवार को रखा गया। इस बार एकादशी पर सात साल बाद जययोग, त्रिपुष्कर, रवि, शिव व ध्वज योग यानी पंचयोग बना था। श्रद्धालुओं ने सुबह स्नान-ध्यान के बाद दिनभर निराजल व्रत रखा और पीतवस्त्र धारण कर भगवान विष्णु की पूजा की। जल से भरा कलश, अन्न, मिष्ठान, चीनी, शक्कर, गुड़, स्वर्ण, रजत, पंखा आदि दान किया।
मां संसार और संस्कार दोनों की धुरी है। योग प्रकृति के लिए भी एक आवश्यक अंग है। इसलिए महिलाओं को योग से जुड़ने की विशेष जरूरत है। ये बातें काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पर्यावरण एवं धारणीय विकास संस्थान की पूर्व निदेशक प्रो. कविता शाह ने बीएचयू के वैदिक विज्ञान केंद्र की ओर से आयोजित सात दिवसीय कार्यशाला में मंगलवार को बतौर मुख्य अतिथि कहीं।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण के लिए योग का विशेष महत्व है। योग हमें यम-नियम के बारे में बताता है, जो संपूर्ण मानव जीवन को व्यवस्थित तरीके से जीने की कला सिखाता है। योग स्व को पहचानने और स्वाध्याय के लिए अति आवश्यक है। इस दौरान अंजना त्रिपाठी और केसर ने योगाभ्यास करवाया। इस दौरान डॉ. मंगला गौरी, सत्यनारायण पांडेय आदि मौजूद रहे।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय में पीएचडी कोर्स वर्क परीक्षा 22 को
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय में पीएचडी कोर्स वर्क (सत्र 2022-23) भूगोल, गृह विज्ञान, रसायन विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, एवं जंतु विज्ञान विषयों के तृतीय प्रश्नपत्र डिजर्टेशन एवं मौखिकी परीक्षा 22 जून को होगी। संकायाध्यक्ष प्रो. आशुतोष कुमार ने बताया कि परीक्षा सुबह 10 बजे से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संकाय में होगी। सभी परीक्षार्थी उक्त समय पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।
अजय राय को सम्मानित करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
कोरौत में चौरा माता का भव्य वार्षिक श्रृंगार एवं बिरहा का विराट दंगल व विशाल भंडारा का मंगलवार को अयोजन किया गया। जिसमें प्रसिद्ध गायक कलाकार दुर्जन यादव वाराणसी और गायिका कविता यादव अपनी कला का प्रस्तुति दी। दोनों कलाकारों के बीच जमकर मुकाबला हुआ।
मुख्य अतिथि रूप में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्य मंत्री मनोज राय धूपचंडी, सपा जिलाध्यक्ष सुजीत कुमार यादव 'लक्कड़', संजय यादव, मोदी यादव, अमरदेव यादव, एडी यादव, योगेश सिंह, सुनील सिंह, राजनाथ यादव, संजय यादव, प्रधान कमला यादव, प्रधान कमलेश गौड़, सुशील यादव, सुभाष यादव उर्फ लारा समेत क्षेत्र की सम्मानित जनता शामिल रही।
सभी कलाकारों व मुख्य अतिथियों का स्मृति चिह्न, अंग वस्त्रम व माला पहनाकर स्वागत किया गया।