हाई स्कूल का छात्र शौच के लिए रेलवे लाइन पर बैठ गया। इस दौरान ईयरफोन लगाकर वह तेज आवाज में गाना सुन रहा था।
विज्ञापन
यूपी के गाजीपुर में मंगलवार को हाईस्कूल के एक छात्र की ट्रेन से कटकर और एक युवक की ट्रेन से गिरने के कारण मौत हो गई। एक घटना रामपुर गांव और दूसरी डेरा गांव के पास हुई। युवक के शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
रामपुर निवासी पवन गौड़ (15) पुत्र संतोष गौड़ मंगलवार की सुबह घर से शौच के लिए रेलवे लाइन की तरफ गया था। ईयरफोन लगा वह पटरी पर बैठा था। इसी दौरान वाराणसी की ओर से आ रही ट्रेन की आवाज उसे नहीं सुनाई दी और वह उसकी चपेट में आ गया।
विज्ञापन
वह ट्रेन में फंसकर सौ मीटर तक घिसट गया। इस कारण उसके शरीर के कई टुकड़े हो गए। पवन रामकरण इंटर कालेज ईसोपुर में हाईस्कूल का छात्र था। सिधौना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, भदौरा रेलवे स्टेशन के पश्चिम करवनिया डेरा गांव के समीप मंगलवार 11 बजे ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची गहमर थाने की पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली।