वाराणसी में सोमवार को कोरोना काल में मरीजों के मिलने के अब तक के सभी रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। सोमवार को एक दिन में 432 नए मरीजों के मिले और दो की मौत हुई है। इससे सक्रिय मरीजों का आंकड़ा भी 1700 के पार पहुंच गया। पिछले पांच दिन में 1482 मरीज मिल चुके हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार कोरोना का नया स्ट्रेन बहुत ही तेज साबित हो रहा है।
व्यवसायी, शिक्षक, डॉक्टरों के साथ बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। सोमवार को संक्रमित होने वालों में 18 साल से कम उम्र के 40 बच्चे भी शामिल हैं। इसमें एक साल से कम उम्र का एक बच्चा भी है। बीएचयू में भर्ती 63 वर्षीय भेलूपुर निवासी महिला और 71 वर्षीय भेलूपुर निवासी महिला की मौत के बाद अब मरने वालों की संख्या भी 388 पहुंच गई है।
जबकि होम आइसोलेशन में 51 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। एक को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। अब कुल 24158 संक्रमित मरीजों में 22036 के डिस्चार्ज, 388 की मौत के बाद 1734 एक्टिव केस हैं। इसके साथ ही सोमवार को 5053 की जांच की गई और 4637 की रिपोर्ट मिली।
यहां मिले संक्रमित मरीज
सोमवार को कोनिया, कबीर नगर, दुर्गा कुंड, रथयात्रा, कबीरचौरा, मकबूल आलम रोड, सामने घाट, औरंगाबाद, लाजपत नगर, लल्ला पूरा, ब्रिज एन्क्लेव, सुंदरपुर, कबीर नगर कॉलोनी, डाक्टर हॉस्टल बीएचयू में भी संक्रमित मरीज मिले हैं। इसके अलावा लंका, मिसिर पोखरा, नाहरपुरा, बीएल डब्ल्यू, पांडेपुर, सिरगोवर्धन, न्यू कॉलोनी ककरमता, सिगरा, मदनपुरा,नाटी इमली, सुंदरपुर शिवपुर में मरीज मिले हैं।
115 मरीजों के बारे में स्वास्थ विभाग को पता नही
सोमवार को जजो 432 नए मरीज मिले हैं, उसमें 115 ऐसे हैं, जिनके बारे में स्वास्थ्य विभाग के पास रिकॉर्ड नहीं है। उन्होंने कोरोना जांच कराते समय जो मोबाइल नंबर दिया है, उस पर भी बात नहीं हो पा रही है। ऐसे में ये मरीज परेशानी का सबब बन सकते हैं। इसमें बड़ी संख्या में महिला पुरुष के साथ 18 साल से कम उम्र के बच्चे भी हैं।
बीएचयू चिकित्सक, परिवार के सदस्य भी संक्रमित
सोमवार को आईएमएस बीएचयू एनाटामी डिपार्टमेंट, डेंटल फैकल्टी में तैनात चिकित्सक और परिवार के सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें दो और आठ साल के बच्चे भी शामिल हैं। चिकित्सकों ने कोरोना का टीका भी लगवाया था।