शुक्रवार को जिले में कोरोना के 23 नए मरीज मिले हैं, इसके अलावा 5 लोगों ने कोरोना की जंग जीत ली। स्वास्थ्य विभाग की ओर से होम आइसोलेशन में रहने वाले पांच लोगों को स्वस्थ घोषित किया गया। इधर शुक्रवार को रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, अस्पतालों आदि जगहों पर 3495 लोगों की जांच की गई और 4565 की रिपोर्ट मिली है। सीएमओ ने बताया कि श़क्रवार को वीडीए कालोनी, छित्तुपुर, बीएलडब्ल्यू, रथयात्रा, माधोपुर, जोधपुर कालोनी बीएचयू में तीन लोग मिले। इसके अलावा रेलवे कालोनी लहरतारा, महमूरगंज, रथयात्रा, अर्दली बाजार, दशाश्वमेध आदि जगहों से संक्रमित मरीज मिले हैं। अब कुल 22146 मरीजों में 21646 डिस्चार्ज, 377 की मौत के बाद एक्टिव मरीजों की संख्या 123 हो गई।
शासन के फरमान के बाद नई रणनीति में जुटा स्वास्थ्य महकमा
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अब जांच का दायरा बढ़ाने के शासन के आदेश के बाद स्वास्थ्य विभाग नए सिरे से रणनीति बनाने में जुट गया है। अपर मुख्य सचिव कृषि और जिले के नोडल अधिकारी डॉ. देवेश चतुर्वेदी ने बृहस्पतिवार को ही बैठक कर कोरोना के बढ़ते प्रकोप पर रोकथाम के निर्देश दिए थे। सीएमओ से जांच का दायरा बढ़ाने के साथ ही पुलिस और जिला प्रशासन से मास्क न लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने वालों पर भी कार्रवाई का निर्देश दिया था।
बीएचयू प्रोफेसर ने ओपीडी चलाने पर उठाया सवाल
कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर आईएमएस बीएचयू के हृदय रोग विभाग के प्रोफेसर ने फिर सवाल खड़ा किया है। सोशल मीडिया पर टिप्पणी कर प्रो. ओमशंकर ने बीएचयू सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में ओपीडी चलाए जाने पर सवाल खड़ा करते हुए इसके लिए आईएमएस बीएचयू के निदेेशक को जिम्मेदार ठहराया है। अपने पोस्ट में उन्होंने यहां छठे तल पर कोरोना मरीजों के भर्ती होने और केंद्रीयकृत एसी के चलने से कोरोना संक्रमण की आशंका जताई है। प्रधानमंत्री से इस दिशा में कार्यवाही करने की मांग की है। आईएमएस निदेशक प्रो. बीआर मित्तल ने कहा कि अस्पताल, सुपर स्पेशियलिटी में मरीजों की सेहत और सुरक्षा, संक्रमण से निपटने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
स्कूलों में कोरोना प्रोटोकॉल पर विशेष जोर
स्कूलों में कोरोना प्रोटोकाल का पालन कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विजय प्रकाश सिंह ने यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भेजे पत्र में इसका कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है। चेतावनी दी पालन न कराने की दिशा में विद्यालय की जिम्मेदारी होगी और आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई भी होगी।
पांच दिन का आंकड़ा
जांच मिली रिपोर्ट पॉजिटिव मरीज
19 मार्च 3495 4565 23
18 मार्च 4310 4009 22
17 मार्च 4384 4474 10
16 मार्च 4694 3099 7
15 मार्च 4718 3571 6