सातवें चरण के मतदान से पहले बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पिंडरा में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री शहर में आएंगे और गृहमंत्री अमित शाह से आगे की चुनावी रणनीति पर मंथन करेंगे। मुख्यमंत्री पीएम के दो दिवसीय प्रवास की तैयारियों की भी समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री अब पांच मार्च तक वाराणसी में रहेंगे।
बसपा सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती बृहस्पतिवार को रिंग रोड किनारे संदहा में जनसभा को संबोधित करेंगी। आठों विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों के लिए रैली की तैयारियों में बसपा ने पूरी ताकत झोेंक दी है। जिलाध्यक्ष राजेश भारती ने बताया कि दोपहर 12 बजे पूर्व मुख्यमंत्री मायावती मंच पर पहुंच जाएंगी। सभी विधानसभा के लोग रैली में पहुंचेंगे।
अखिलेश यादव और ममता बनर्जी की जनसभा को लेकर एमएलसी अरविंद कुमार सिंह ने पांच सदस्यीय टीम गठित की है। इसमें एमएलसी आनंद भदौरिया, एमएलसी सुनील सिंह साजन और सयुस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष विकास यादव, पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी और जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ शामिल हैं।