वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में सावन मास में बाबा विश्वनाथ की होने वाली सभी आरती के टिकट ऑनलाइन बुक हो चुके हैं। बाबा विश्वनाथ की पांच आरती होती है, जिसमें चार के लिए टिकट बुक होता है। जबकि रात में शयन आरती खुद काशीवासी करते हैं। इसमें कोई टिकट नहीं लगता है।
सावन महीने की शुरुआत 11 जुलाई से हो रही है। नौ अगस्त तक सावन मास में प्रदेश सरकार ने प्रशासन को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मंदिर प्रशासन ने आरती में शामिल होने के लिए भक्तों की सुविधा के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा दी है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने बताया कि इस सुविधा का लाभ उठाते हुए सावन में प्रतिदिन होने वाली सभी आरती के टिकट बुकिंग के स्लॉट फुल हो चुके हैं। मंगला आरती, भोग आरती, सप्तऋषि आरती, शृंगार/भोग आरती के टिकट बुक होते हैं। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर की विशेष बात यह है कि बाबा के शयन आरती की बुकिंग कभी नहीं होती। यह आरती विशेष रूप से काशी के स्थानीय निवासी करते हैं। परंपरा के अनुसार, रात को शयन आरती के समय काशी वासी बाबा को भजन गाकर खुद शयन कराते हैं।
सीएम ने प्रशासन को दिए निर्देश
बीते दिनों काशी आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक में प्रशासन को निर्देश दिए थे कि सावन में श्रद्धालुओं को सुरक्षा, सुविधा, सफाई और उचित संसाधन उपलब्ध कराएं। किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।