वाराणसी। भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती रविवार को भाजपा काशी क्षेत्र के सभी 337 मंडलों में मनाई गई। उनके चित्र पर पुष्पार्चन कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं की ओर से उनके व्यक्तित्व व कृतित्व पर चर्चा की गई।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने रोहनिया के क्षेत्रीय कार्यालय पर डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ही भारतीय संस्कृति, मूल्यों और परंपराओं के आधार पर कांग्रेस के विकल्प के रूप में एक नए राजनीतिक दल भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी। उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र के लिए समर्पित कर दिया था। उनका सम्पूर्ण जीवन भारत की एकता और अखंडता के लिए समर्पित था। जब नेहरू सरकार ने अनुच्छेद 370 के जरिए कश्मीर को अलग दर्जा दिया तो इसके खिलाफ सबसे पहली आवाज डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने ही उठाई थी। इस अवसर पर अशोक चौरसिया, राकेश शर्मा, डॉ सुदामा पटेल, राजेश राजभर मौजूद रहे। उधर भाजपा जिलाध्यक्ष व एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने शूलटकेश्वर मंडल के भारतीय शिशु मन्दिर टिकरी जयंती मनाई।
उधर कैंट मंडल की ओर से आयोजित जयंती के मुख्य अतिथि कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव रहे। कार्यक्रम के अंत में भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की माता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।