सारनाथ, चौबेपुर और फुलवरिया क्षेत्र में सड़क हादसों में एनडीआरएफ के हेड कांस्टेबल सहित तीन लोगों की मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस पहुंची। मामले की छानबीन की, फिर तीनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। चौबेपुर में हाईवे पर जिस महिला की मौत हुई है, उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव के ऊपर से रात भर वाहन गुजरते रहे हैं।
सारनाथ संवाद प्रतिनिधि के अनुसार, भेलूपुर थाना क्षेत्र की बड़ी गैबी के रहने वाले रवि शर्मा (41) चौकाघाट स्थित एनडीआरएफ की 11वीं बटालियन में तैनात थे। रात में रवि बाइक से अपनी पत्नी के भाई दीपक शर्मा के साथ पांडेयपुर स्थित एक हॉस्पिटल में मौसेरे साले निखिल शर्मा के नवजात बेटे को देखने गए थे।
दीपक ने बताया कि हॉस्पिटल से वह और रवि शर्मा अपनी-अपनी बाइक से घर के लिए निकले। दोनों टड़िया मोड़ स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचे थे कि पीछे से आए एक वाहन ने उनको टक्कर मार दी। इससे अनियंत्रित होकर बाइक सड़क किनारे शिव मंदिर की दीवार से टकरा गई। रवि के सिर में गंभीर चोट लगी।
अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दो बच्चों के पिता रवि शर्मा की मौत की सूचना पाकर उनकी पत्नी रजनी शर्मा और मां उमा शर्मा की हालत बेसुधों जैसी थी।