Varanasi News: गिरफ्तार आरोपियों के अनुसार वह लोग बिहार के कैमूर से ड्रग्स खरीद कर लाए थे। हरहुआ रिंग रोड पर गश्त के दौरान बड़ागांव पुलिस को सफलता मिली। मोड़ के पास काले रंग की चारपहिया खड़ी दिखी। वाहन की तलाशी ली गई तो ड्राइवर के पास से एक सफेद रंग के थैले में हेरोइन बरामद हुई। कार के समीप ही एक बाइक भी खड़ी थी।
बिहार के कैमूर से लाई गई 268.47 ग्राम हेरोइन, एक कार और बाइक के साथ तीन तस्करों को बड़ागांव थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों की पहचान शिवपुर थाना के मीरापुर चांदमारी के अमानत खान और गाजीपुर जिले के दिलदारनगर थाना के उसिया गांव के सैफ अली खान व दिलदारनगर वार्ड नंबर-एक के मोहम्मद मारुफ खान के रूप में हुई है। डीसीपी गोमती जोन ने बड़ागांव थानाध्यक्ष और उनकी टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है। बरामद हेरोइन की कीमत 60 लाख रुपये है।
विज्ञापन
डीसीपी गोमती जोन मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि बड़ागांव थानाध्यक्ष आशीष मिश्रा दरोगा शिवानंद सिसौदिया, सुनील कुमार गौड़, अमित पांडेय व विवेकानंद द्विवेदी के साथ ईदीलपुर-हरहुआ रिंग रोड पर गश्त कर रहे थे। मोड़ के पास काले रंग की चारपहिया खड़ी दिखी। वाहन की तलाशी ली गई तो ड्राइवर के पास से एक सफेद रंग के थैले में हेरोइन बरामद हुई। कार के समीप ही एक बाइक भी खड़ी थी।
पूछताछ में तीनों ने बताया कि वह कैमूर से हेरोइन खरीद कर लाए हैं। यहां नमूना दिखाने आए थे। ग्राहक को हेरोइन की क्वालिटी पसंद आती तो वह उसे बेच देते। डीसीपी गोमती जोन ने बताया कि आरोपियों के पास से हेरोइन खरीदने वाले ग्राहक का नंबर मिला है। जल्द ही उसे चिह्नित कर गिरफ्तार किया जाएगा।