वाराणसी में शहरी और ग्रामीण इलाकों में कोरोना संक्रमण को काबू करने की चुनौती बनी हुई है। स्वास्थ्य विभाग कोरोना की इस जंग को जीतने में संसाधनों की व्यवस्था में जुटा है। फिलहाल तीस लाख टेबलेट और पांच लाख मास्क के साथ अन्य सामानों की मांग शासन से की गई है।
पंचायत चुनाव के खत्म होने के बाद अब शहरी इलाकों के साथ ही ग्रामीण इलाकों पर स्वास्थ्य विभाग का विशेष जोर है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद यहां 11 मई तक विशेष अभियान चलाकर लोगों को कोरोना से बचाव की जानकारी दी जा रही है। गांवों में एंटीजन किट से कोरोना जांच भी की जा रही है। मेडिसिन किट का भी वितरण किया जा रहा है। इसमें एजिथ्रोमाइसिन, डॉक्सीसाइक्लिन, पैरासिटामोल, आइवरमेक्टिन सहित अन्य जरूरी दवाइयां भी रखी गई हैं। ग्रामीण इलाकों में चल रहे विशेष अभियान के तहत कोरोना के मिलते जुलते लक्षण वाले लोगों की कोरोना जांच भी कराई जाएगी। साथ ही पल्स ऑक्सीमीटर से भी जांच की जा रही है।